
घूमने के लिए Udaipur की 10 फेमस जगहें (representative image) image credit chatgpt
Best Places To Visit In Udaipur: उदयपुर का ट्रिप प्लान करते समय ज्यादातर लोग झीलें देखने का ही सोचते हैं, लेकिन उदयपुर में सिर्फ झीलें ही नहीं, बल्कि कई ऐसी खूबसूरत और ऐतिहासिक जगहें भी हैं, जिन्हें आप अपनी ट्रिप में शामिल कर उसे यादगार बना सकते हैं। आइए जानते हैं इन जगहों के बारे में।
उदयपुर में स्थित सिटी पैलेस टूरिस्ट के लिए सबसे मशहूर जगहों में से एक है। इस पैलेस के अंदर पुराने समय की कई खूबसूरत जगहें और शानदार नक्काशी आज भी देखने को मिल जाती है। इसके साथ ही यहां से आप पिछोला झील के खूबसूरत नजारे भी देख सकते हैं। ऐसे में अगर आपको इतिहास या राजसी ठाठ के बारे में जानना पसंद है, तो आप यहां जा सकते हैं।
अगर आप कम भीड़ वाली जगह जाना चाहते हैं, तो पिछोला झील के गंगौर घाट के पास स्थित बागोर की हवेली भी जा सकते हैं। यह हवेली अपनी खूबसूरत बनावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए जानी जाती है। शाम के समय यहां होने वाले लोक नृत्य और कठपुतली शो देखना लोग काफी पसंद करते हैं।
अगर आपको नेचर से जुड़ी चीजें पसंद हैं, तो आप परिवार या दोस्तों के साथ एक खूबसूरत शाम बिताने के लिए पिछोला झील में बोट राइड कर सकते हैं। झील के बीच बने महल और चारों तरफ पहाड़ियों के खूबसूरत नजारों का आनंद भी ले सकते हैं।
पिछोला झील के बाद अगर आपके पास समय है, तो आप इसके उत्तर में स्थित अरावली की पहाड़ियों से घिरी खूबसूरत फतेह सागर झील भी देखने जा सकते हैं।
पिछोला झील के किनारे और शिव निवास पैलेस के पास स्थित दूध तलाई एक शांत और खूबसूरत जगह है। यह सिटी पैलेस से लगभग 2 किलोमीटर और उदयपुर रेलवे स्टेशन से करीब 4 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां आप रोपवे की सैर का भी आनंद ले सकते हैं।
अगर राजस्थान की लोक संस्कृति, कला और हस्तशिल्प को करीब से देखना चाहते हैं, तो आप शिल्पग्राम जा सकते हैं। उदयपुर के मुख्य शहर से लगभग 3 किलोमीटर पश्चिम में अरावली की पहाड़ियों पर रानी रोड के पास स्थित यह जगह पारंपरिक झोपड़ियों, लोक कलाकारों और हाथ से बनी कई खूबसूरत चीजों के लिए फेमस है।
अगर आपको इतिहास से जुड़ी चीजों को एक्सप्लोर करना पसंद है, तो आप उदयपुर के मुख्य शहर से पूर्व में लगभग 2 से 3 किलोमीटर की दूरी पर आहड़ (आहार) क्षेत्र में स्थित आहड़ संग्रहालय घूमने जा सकते हैं। यहां कई पुरानी मूर्तियां, सिक्के और ऐतिहासिक चीजें रखी गई हैं, जो मेवाड़ के इतिहास के बारे में जानकारी देती हैं।
उदयपुर शहर के पश्चिम में अरावली पर्वतमाला की बंसदरा पहाड़ी की चोटी पर स्थित सज्जनगढ़ पैलेस, जिसे मानसून पैलेस भी कहा जाता है, घूमने के लिए एक खूबसूरत जगह है। यहां से पूरे उदयपुर शहर का शानदार व्यू दिखाई देता है। ऐसे में अगर आप फोटोग्राफी के शौकीन हैं, तो यहां जा सकते हैं।
अगर आप भीड़भाड़ से थोड़ा दूर सुकून के पल बिताना चाहते हैं, तो पंचवटी क्षेत्र के पास फतेह सागर झील के तट पर स्थित सहेलियों की बाड़ी एक्सप्लोर कर सकते हैं। यहां खूबसूरत बगीचे, फव्वारे और हरियाली के बीच परिवार और दोस्तों के साथ आराम से समय बिता सकते हैं।
उदयपुर के मुख्य शहर से लगभग 4 किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से करीब 6 किलोमीटर दूर स्थित सज्जनगढ़ जैविक उद्यान, प्रसिद्ध सज्जनगढ़ मानसून पैलेस की तलहटी और अरावली की बांस दहरा पहाड़ियों में स्थित है। ऐसे में परिवार या बच्चों के साथ यहां भी घूमने जा सकते हैं। यहां बाघ, शेर, भालू, हिरण और कई दूसरे वन्यजीवों को करीब से देखा जा सकता है।
Updated on:
09 Jul 2026 04:47 pm
Published on:
09 Jul 2026 04:47 pm
