14 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ganesh Chaturthi 2026 पर बप्पा के स्वागत में बनाएं महाराष्ट्र की पारंपरिक पूरन पोली, जानें बनाने की आसान विधि 

Puran Poli: गणेश चतुर्थी पर आप बप्पा के स्वागत में मोदक के साथ महाराष्ट्र की कई अन्य ट्रेडिशनल रेसिपी भी बना सकते हैं। आइए जानते हैं चने की दाल और गुड़ से बनने वाली पूरन पोली बनाने की विधि।
3 min read
Google source verification
Ganesh Chaturthi, Puran Poli

Puran Poli रेसिपी (file photo) image credit youtube/nishamadhulika

Puran Poli Recipe: महाराष्ट्र समेत देशभर में कई जगहों पर धूमधाम से गणेश उत्सव मनाया जाता है। वैसे तो मोदक भगवान गणेश को चढ़ाए जाने वाले प्रमुख भोग में शामिल है, लेकिन इसके अलावा गणेश उत्सव के दौरान बप्पा के स्वागत में कई घरों में पूरन पोली भी बनाई जाती है। गुड़ और चने की दाल से बनी पूरन पोली स्वादिष्ट होने के साथ पारंपरिक व्यंजन के तौर पर शुभ अवसरों पर बनाई जाती है। ऐसे में अगर आप भी इस गणेश उत्सव पर घर पर पूरन पोली बनाकर बप्पा को भोग लगाना चाहते हैं, तो यहां बताए गए आसान तरीके से इसे बना सकते हैं। आइए जानते हैं पूरन पोली बनाने की विधि।

पूरन पोली बनाने के लिए सामग्री

आटा लगाने के लिए

  • गेहूं का आटा- 2 कप
  • मैदा- 1 कप
  • नमक- ¼ टीस्पून
  • तेल- 3- 4 बड़े चम्मच
  • पानी- आवश्यकता के अनुसार

पूरन बनाने के लिए

  • चना दाल- 1 कप
  • गुड़- 1 कप
  • हल्दी- ⅓ टीस्पून
  • इलायची पाउडर- ½ छोटा चम्मच
  • जायफल पाउडर- 1 चुटकी
  • घी- 1 बड़ा चम्मच

सेंकने के लिए

  • घी- आवश्यकता अनुसार

पूरन पोली बनाने का तरीका

1. चना दाल पकाएं

पूरन पोली बनाने के लिए सबसे पहले चना दाल को अच्छी तरह धोकर 4 से 5 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद दाल का पानी निकालकर इसे कुकर में डालें। जरूरत के अनुसार पानी डालकर दाल को नरम होने तक पका लें। ध्यान रखें कि दाल बहुत ज्यादा पानी वाली न हो।

2. पूरन तैयार करें

पकी हुई दाल को अच्छी तरह छान लें और फिर इसे मैश कर लें। अब एक कड़ाही में दाल और गुड़ डालकर धीमी आंच पर पकाएं। मिश्रण को लगातार चलाते रहें, जब तक कि गुड़ पूरी तरह पिघलकर दाल में अच्छी तरह मिल न जाए और मिश्रण गाढ़ा न हो जाए। इसके बाद इसमें इलायची पाउडर, जायफल पाउडर और हल्दी डालकर अच्छी तरह मिला दें। मिश्रण के गाढ़ा होने पर गैस बंद कर दें और पूरन को ठंडा होने के लिए रख दें।

3. नरम आटा गूंथें

एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, मैदा और नमक डालें। इसमें थोड़ा थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। अब इसमें तेल डालकर आटे को कुछ देर अच्छी तरह मसलें। आटा नरम और चिकना होना चाहिए। इसे ढककर करीब 20 से 30 मिनट के लिए रख दें।

4. पूरन भरें

अब आटे की बराबर आकार की लोइयां बना लें। एक लोई को हाथ से थोड़ा फैलाएं और उसके बीच में तैयार पूरन रखें। इसके किनारों को उठाकर पूरन को अच्छी तरह अंदर बंद कर दें।

5. पूरन पोली बेलें

पूरन भरी लोई को हल्के हाथों से दबाएं। अब सूखे आटे की मदद से इसे धीरे धीरे गोल आकार में बेल लें। इसे बहुत ज्यादा पतला न बेलें, वरना पूरन बाहर निकल सकता है।

6. तवे पर सेंकें

तवा गर्म करें और उस पर बेली हुई पूरन पोली डाल दें। एक तरफ हल्की सिकने के बाद इसे पलट दें। अब दोनों तरफ थोड़ा घी लगाकर पूरन पोली को सुनहरा होने तक सेंकें। इसी तरह सारी पूरन पोली तैयार कर लें।

7. भोग लगाएं

तैयार पूरन पोली को भोग लगाने के बाद इसे प्रसाद के रूप में परिवार के लोगों को दें।

पूरन पोली बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान

  • दाल को पकाने के बाद अतिरिक्त पानी अच्छी तरह निकाल दें।
  • पूरन को कड़ाही में तब तक पकाएं, जब तक वह गाढ़ा होकर आटे में आसानी से भरने लायक न हो जाए।
  • आटा नरम रखें। सख्त आटे से पूरन पोली बेलने में परेशानी हो सकती है और यह फट भी सकती है।
  • पूरन भरते समय इसकी मात्रा बहुत ज्यादा न रखें, ताकि बेलते समय यह बाहर न निकले।
  • पूरन पोली को मध्यम आंच पर सेंकें, जिससे यह अंदर से भी अच्छी तरह पक जाए और बाहर से ज्यादा न जले।