
vegetable cutting टिप्स (representative image) image credit Magnific
Knife Cutting Tips: सब्जी काटते समय अगर उसके टुकड़े बार बार चाकू से चिपक जाते हैं तो इससे कटिंग करना काफी मुश्किल हो जाता है। खासकर ज्यादा पानी वाली सब्जियों, कटहल से निकलने वाले दूध जैसे पदार्थ लेटेक्स (Latex) या भिंडी से निकलने वाले चिपचिपे पदार्थ म्यूसिलेज (Mucilage) वाली सब्जियों को काटते समय यह परेशानी ज्यादा होती है। कई बार सब्जी का टुकड़ा चाकू के साथ ही ऊपर उठ जाता है और उसे अलग करने में भी परेशानी होती है। ऐसे में कटिंग का तरीका थोड़ा बदलकर और कुछ छोटी बातों का ध्यान रखकर इस परेशानी को कम किया जा सकता है। आइए जानते हैं कैसे।
सब्जी काटते समय उसके अंदर मौजूद पानी, लेटेक्स या म्यूसिलेज बाहर आ जाता है। कटे हुए हिस्से की नमी और इन चिपचिपे पदार्थों की वजह से सब्जी और चाकू के ब्लेड के बीच पकड़ बनने लगती है। इसी वजह से सब्जी का टुकड़ा चाकू से चिपक जाता है। सब्जी में जितनी ज्यादा नमी या चिपचिपा पदार्थ होगा, उसमें यह परेशानी उतनी ज्यादा देखने को मिल सकती है।
सब्जी काटते समय चाकू को सिर्फ ऊपर से नीचे दबाने के बजाय थोड़ा आगे की तरफ चलाकर काटें। यानी चाकू को हल्के एंगल पर चलाएं। इससे सब्जी और चाकू के बीच सीधा संपर्क कम हो सकता है और कटे हुए टुकड़े के ब्लेड से चिपकने की परेशानी भी कम होती है।
अगर चाकू की धार ठीक नहीं है तो सब्जी काटने के लिए ज्यादा जोर लगाना पड़ता है। इससे चाकू फिसलने का खतरा बढ़ सकता है और हाथ में चोट भी लग सकती है। एक अच्छी धार वाला चाकू कम जोर में सब्जी काटने में मदद करता है।
सब्जी काटते समय अगर उसमें से कोई लिक्विड जैसी चीज निकल रही है और वह हाथों में भी चिपक रही है और आसानी से साफ नहीं हो रही है, जैसे कटहल से निकलने वाला लेटेक्स, तो आप चाकू की धार पर थोड़ा सा तेल लगा सकते हैं। साथ ही हाथ में भी हल्का सा तेल लगा सकते हैं। लेकिन ध्यान रखें कि जिस हाथ से सब्जी काट रहे हैं, उस हाथ में तेल न लगाएं। इससे चाकू फिसलने का खतरा रहता है।
अगर हर स्लाइस के बाद सब्जी चाकू पर चिपक रही है तो ब्लेड को साफ करते रहें। चाकू पर ज्यादा टुकड़े जमा होने से अगली स्लाइस भी उसके साथ चिपक सकती है। हालांकि, चाकू के ब्लेड को उंगली से साफ करने की गलती न करें। इससे हाथ कट सकता है। चाकू को सुरक्षित तरीके से साफ करें और कटिंग के दौरान ब्लेड पर कंट्रोल बनाए रखें।
अगर आप अक्सर ऐसी सब्जियां काटते हैं जो चाकू से चिपकती हैं तो डिंपल चाकू (Dimple Knife या Granton Edge Knife) भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इनके ब्लेड पर छोटे छोटे गड्ढे बने होते हैं, जो सब्जी और चाकू के बीच संपर्क कम करने में मदद कर सकते हैं। हालांकि, सिर्फ ऐसे चाकू का इस्तेमाल करने से हर बार सब्जी चिपकेगी ही नहीं, ऐसा जरूरी नहीं है। चाकू की शेप और सब्जी काटने का तरीका भी काफी मायने रखता है।
सब्जी काटने के लिए हमेशा ऐसा कटिंग बोर्ड इस्तेमाल करें जो आसानी से फिसले नहीं। गोल सब्जियों को काटने से पहले उसका थोड़ा सा हिस्सा काटकर नीचे से सपाट कर लें। इससे सब्जी बोर्ड पर स्थिर रहेगी और चाकू चलाना आसान होगा। इसके साथ ही ध्यान रखें सब्जी काटते समय कभी भी जल्दबाजी न करें। चाकू को जोर से दबाने के बजाय आराम से और कंट्रोल के साथ चलाएं। इससे सब्जी काटना आसान रहेगा और हाथ में कट लगने का खतरा भी कम होगा।
Updated on:
17 Sept 2026 10:49 am
Published on:
17 Sept 2026 10:44 am
