Live

जयपुर। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए 22 जिला परिषदों के 352 व 124 पंचायत समितियों के 2197 वार्डों में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है, जो शाम 6 बजे तक होगा। वोटिंग शुरू होने के साथ ही मतदान केंद्रों पर कतारें लगना शुरू हो गई है। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी व उनके पुत्रों सहित 8,404 दावेदारों का भविष्य का फैसला भी होगा। जिला परिषद और पंचायतीराज चुनाव में प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के साथ ही अन्य दलों के कुछ प्रत्याशी व कई जगह निर्दलीय चुनौती दे रहे हैं। ऐसे में वोटिंग खत्म होते ही कई जगह कांग्रेस और बीजेपी नेता अपने-अपने समर्थक उम्मीदवारों को बाड़ेबंदी में होटलों और रिसोर्ट में ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। बता दें कि इन वार्डों में मतदान के लिए मंगलवार को मतदान दल रवाना हो गए, जो शनिवार को उप सरपंच चुनाव के बाद लौटेंगे।
28 Oct 2026, 8:45 AM IST

डूंगरगांव मे मतदान के लिए लगी मतदाताओं की कतार।
झालरापाटन में पंचायती राज के द्वितीय चरण में बुधवार को गांव की सरकार चुनने के लिए मतदान शुरू हुआ। मतदान के लिए पुरुष एवं महिला मतदाताओं में सुबह से ही उत्साह देखा गया। महिलाएं भी अपने घरेलू कामकाज छोड़कर सुबह जल्दी ही मतदान करने के लिए आई जिससे मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लाइनें लगने लगी।
28 Oct 2026, 8:39 AM IST
डूंगरपुर पंचायत समिति के बिलड़ी स्कूल स्थित पोलिंग बूथ संख्या 41 पर ईवीएम खराब होने से मतदान शुरू होने में करीब 35 मिनट की देरी हुई। इस दौरान मतदाता कतार में खड़े होकर मशीन ठीक होने का इंतजार करते रहे। राजेंद्र ननोमा ने बताया कि वे सुबह 7 बजे ही वोट डालने पहुंच गए थे, लेकिन ईवीएम में खराबी के कारण मतदान शुरू नहीं हो सका। करीब 35 मिनट बाद सुबह 7:35 बजे ईवीएम ठीक होने पर मतदान शुरू हुआ।
28 Oct 2026, 8:38 AM IST
अजमेर के लॉ कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर ईवीएम में खराबी के कारण बूथ संख्या 57 और 58 पर मतदान शुरू नहीं हो सका। करीब 25 मिनट से अधिक समय बीतने के बाद भी दोनों बूथों पर वोटिंग शुरू होने का इंतजार रहा। इस दौरान मतदान करने पहुंचे मतदाताओं की लंबी कतारें लग गईं।
28 Oct 2026, 8:37 AM IST
जोधपुर जिले की तिंवरी पंचायत समिति के दो मतदान केंद्रों पर ईवीएम खराब होने से मतदान प्रभावित हुआ। वार्ड नंबर 2 और डऊकिया बास गांव के बूथ संख्या 9 पर मशीनों में खराबी आने से वोटिंग में परेशानी हुई। मतदान करने पहुंचे मतदाता ईवीएम ठीक होने का इंतजार करते रहे।
28 Oct 2026, 7:18 AM IST
सीकर जिले की खंडेला पंचायत समिति के बूथ संख्या 46 पर ईवीएम खराब होने से मतदान शुरू होने में करीब 20 मिनट की देरी हुई। इस दौरान वोट डालने पहुंचे मतदाता मशीन ठीक होने का इंतजार करते रहे। ईवीएम ठीक होने के बाद सुबह 8 बजे मतदान दोबारा शुरू हो सका।
28 Oct 2026, 7:17 AM IST
जिला परिषद और पंचायतीराज चुनाव में प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के साथ ही अन्य दलों के कुछ प्रत्याशी व कई जगह निर्दलीय चुनौती दे रहे हैं। ऐसे में वोटिंग खत्म होते ही कई जगह कांग्रेस और बीजेपी नेता अपने-अपने समर्थक उम्मीदवारों को बाड़ेबंदी में होटलों और रिसोर्ट में ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। सबसे अधिक दावेदार जोधपुर जिला परिषद व जिले की पंचायत समितियों में हैं।
28 Oct 2026, 7:10 AM IST
राजस्थान में पंचायत चुनाव के दूसरे फेज में आज 22 जिलों में वोटिंग हो रही है। 22 जिला परिषदों में 352 वार्डों और 124 पंचायत समितियों के 2197 वार्डों में सदस्य चुने जाएंगे।