लखनऊ. Oxygen Plant in UP: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऑक्सीजन की कमी को पूरा करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने कोरोना से अति प्रभावित प्रदेश के लगभग 50 जिलों और हर जिले में कम से कम दो कम्यूनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) में ऑक्सीजन प्लांट लगाने के निर्देश दिये हैं। इस तरह सीएम योगी के निर्देश के मुताबिक प्रदेश में करीब 125 ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाएंगे। इसके लिए उन्होंने आबकारी और चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग को निर्देशि दिये हैं। इसे अमलीजामा पहनाने के लिए आबकारी और चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग ने तत्काल कार्रवाई भी शुरू कर दी है। साथ ही सीएम योगी ने निर्देश दिया है कि छोटे अस्पतालों में तात्कालिक जरूरतों को देखते हुए पोर्टेबल टाइप या ऑक्सीजन कंसंट्रेटर लगाए जाएं, ताकि लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। सीएचसी स्तर पर करीब 30 बेड होते हैं और यहां पर ऑक्सीजन प्लांट के लिए अनुमानित खर्च 40 लाख रुपये आने का अनुमान है। ऐसे ही जिले स्तर पर बड़े अस्पतालों के लिए बेडों की संख्या के अनुसार एक से दो करोड़ रुपये के खर्च का अनुमान लगाया जा रहा है।