
Corona Update
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की रफ्तार नौ दिनों में और तेज हो गई है। लॉकडाउन 4.0 में जब सरकार की ओर से मिली छूट के बाद अधिकतर लोग घरों से निकलकर वापस अपने-अपने व्यावसाए व दफ्तरों की ओर कूच करने लगे हैं, तब कोरोना और तेजी से अपने पैर फैला रहा है। लॉकडाउन के चौथे चरण की शुरूआत से लेकर अब तक 2084 नए मामले सामने आ चुके हैं। लॉकडाउन 4.0 से पहले जहां कुल 4464 मरीज थे, वहीं 18 मई को लॉकडाउन 4.0 की शुरुआत से लेकर 26 मई तक यह आंकड़ा बढ़कर 6548 तक पहुंच गया है। वहीं मई माह की बात करें तो मरीजों की संख्या में तीन गुना इजाफा हुआ है। यूपी स्वास्थ्य विभाग प्रमुख सचिव अमित मोहन ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि पिछले 24 घण्टे में कुल 197 नए मामले सामने आए हैं। कुल सक्रिय मामले 2680 हैं, वहीं 3698 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके घर जा चुके हैं। वहीं अभी तक 170 मौतें हुई हैं। सोमवार को कोविड-19 ने प्रदेश में आठ लोगों की जान ले ली। प्रदेश में सबसे ज्यादा सक्रिय 140 मरीज रामपुर जिले में हैं, 135 केस के साथ बाराबंकी दूसरे और 120 केस के साथ नोएडा तीसरे नंबर पर है। इसके अलावा जौनपुर में 114, बस्ती में 109, मेरठ में 103 और आगरा में 101 सक्रिय मामले हैं। सबसे कम दो-दो केस झांसी, बांदा और हाथरस में हैं। मंगलवार को अयोध्या में 13, गाजियाबाद में 7, गोरखपुर में 5, फिरोजाबाद में 3, कानपुर देहात में 3, मुज़फ्फरनगर में 4, कन्नौज में 2 नए मरीज सामने आए हैं।
मई माह में बढ़े तीन गुना ज्यादा मरीज-
30 अप्रैल तक जहां केवल 2211 लोग ही कोरोना के संक्रमण में आए थे, तो वहीं 26 मई को कुल मरीजों की संख्या 6548 हो गई है। मतलब करीब तीन गुना की वृद्धि के साथ केवल मई माह में 4102 नए मामले सामने आए हैं। लॉकडाऊन 4.0 में सरकार की ओर से तमाम ढीले दी गई हैं, लेकिन मरीजों में ऐसी वृद्धि चिंता का विषय है। वहीं प्रवासियों की वापसी सरकार के लिए किसी चुनौती से कम नहीं हैं।
हवाई सेवा से आए यात्री करे रहे क्वारेंटाइन का पालन-
मंगलवार को यूपी स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव ने बताया कि प्रवासियों को लगातार आशा वर्कर्स के माध्यम से सर्वेक्षण किया जा रहा है। लक्षण पाए जाने पर उन्होंने होम क्वारेंटीन व अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हवाई सेवा सोमवार से शुरू हुई है। बहुत ही व्यवस्थित तरीके से सभी यात्री यूपी आए हैं। कुल 2827 यात्री आए हैं, इनमें 2007 यात्री यहीं के रहने वाले। सारा डाटा डिजिटल के माध्य से हमें उपलब्ध हुआ है। बाकी 721 यात्रियों किसी काम से आए हैं। उन्होंने रेजिस्ट्रेशन कराया है और जल्द ही वापस जाएंगे। उन्होंने कोरोना के अतिरिक्त लोगों के गर्मी से बचने की भी नसीहत दी।
जानें कितनी आयु के लोग कितने प्रतिशत संक्रमित-
0-20 वर्ष - 18.33 प्रतिशत
21-40 वर्ष - 52.63 प्रतिशत
41-60 वर्ष - 22.76 प्रतिशत
60 वर्ष से ऊपर - 6.29 प्रतिशत
खुले शॉपिंग कॉम्प्लेक्स-
सरकार के आदेशानुसार मंगलवार को कुछ शर्तों के साथ शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी खुल गए हैं। लखनऊ के महानगर, गोमतीनगर, आशियाना, अलीगंज, विकास नगर समेत कुछ क्षेत्रों में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स खुलते देखे गए। हालांकि शॉपिंग कांप्लेक्स में सेंट्रल एसी खुलने के अनुमति नहीं है। इनके खुलने का समय भी सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक है। डीएम अभिषेक प्रकाश ने निर्देश दिए हैं कि शॉपिंग कांप्लेक्स 65 साल के बुजुर्ग व बच्चों को आने की अनुमति नहीं होगी। जो इलाके रेड जोन या कंटेनमेंट जोन में हैं, वहां शॉपिंग कांप्लेक्स बंद रहेंगे। इसके अलावा बीमार लोग व गर्भवती महिलाओं के भी प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। एक समय में पांच से अधिक लोग प्रवेश नहीं करेंगे।
Updated on:
26 May 2020, 5:44 PM IST
Published on:
26 May 2020, 5:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.