2 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

8 जुलाई से आप चलाएगी यूपी जाेड़ो अभियान, एक महीने में एक करोड़ सदस्‍य बनाने का लक्ष्‍य

सदस्यता अभियान के जरिए केजरीवाल मॉडल को घर-घर पहुंचाएगी आप- संजय सिंह    
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

लखनऊ

•

image

Abhishek Gupta

•

Updated: 23 Jun 2021, 9:02 PM IST

Sanjay Gandhi

Sanjay Gandhi

लखनऊ. आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी राज्‍यसभा सांसद संजय सिंह ने बुधवार कहा कि आम आदमी पार्टी से जुड़ने का लोगों का सिलसिला तेजी से बढ़ता जा रहा है। आम आदमी पार्टी के दिल्‍ली के केजरीवाल माडल की लोकप्रियता और उसके प्रति लोगों का विश्‍वास दिन प्रतिदिन उत्‍तर प्रदेश में भी बढ़ता जा रहा है। इसी के लिए एक बड़ा अभियान उत्‍तर प्रदेश में चलाकर आठ जुलाई से आठ अगस्‍त तक एक महीने तक यूपी जोड़ो अभियान चलाया जाएगा और इस यूपी जोड़ो अभियान में प्रत्‍येक विधानसभा में लगभग 25 हजार सदस्‍य बनाने का लक्ष्‍य रखा गया है। एक महीने में पूरे उत्‍तर प्रदेश में एक करोड़ सदस्‍य बनाने का लक्ष्‍य हमने रखा है।

संजय सिंह ने कहा कि इसमें हम गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। उनके बीच जाकर शिविर लगाएंगे। हमारे कार्यकर्ता रसीदें लेकर गांव-गांव जाएंगे, लेकिन यह पूरी सदस्‍यता निशुल्‍क होगी। किसी को आम आदमी पार्टी का सदस्‍य बनने के लिए एक पैसा नहीं देना है। इस तरह से एक महीने में एक करोड़ सदस्‍य बनाने का हमने लक्ष्‍य रखा है। राज्‍यसभा सांसद ने प्रेसवार्ता में चरखारी में प्रधानी के जुलूस में जबरन नचाई गई किशोरी की आत्‍महत्‍या को लेकर योगी सरकार को आईना दिखाया। कहा कि वहां खुद भाजपा विधायक प्रकरण में कार्रवाई करने की मांग को लेकर धरने पर बैठने जा रहे हैं। इससे यूपी की कानून व्‍यवस्‍था की हालत समझी जा सकती है।

विधानसभा वार मिस्‍ड कॉल नंबर-
इस सदस्‍यता अभियान में 403 विधानसभा क्षेत्रों के अंदर अलग-अलग मिस्‍ड कॉल नंबर जारी किया जाएगा। 25 जून से 28 जुलाई तक दीवार लेखन का काम होगा। इस पर मिस्‍ड कॉल नंबर होगा और आम आदमी पार्टी का सदस्‍य बनने की अपील होगी। रसीद के संग जो साथी पार्टी का सदस्‍य बनेंगे विधानसभा वार उनका पूरा डाटा मेंटेन होगा, जिसके आधार पर आगे उनसे बूथ स्‍तर से लेकर विधानसभा तक की जिम्‍मेदारी उन लोगों को दी जाएगी।

लक्ष्‍य केजरीवाल मॉडल पर बात-
इस अभियान के जरिये हमारा लक्ष्‍य है कि हम केजरीवाल जी के मॉडल की चर्चा करें, लोगों को बताएं कि उत्‍तर प्रदेश को कैसे हम मुफ्त बिजली उपलब्‍ध करा सकते हैं। हम कैसे उप्र में मुफ्त शिक्षा उपलब्‍ध करा सकते हैं। कैसे मुफ्त स्‍वास्‍थ्‍य सेवा मुहैया करा सकते हैं। कैसे हम नौजवानों को नौकरियां और बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्‍ता दे सकते हैं। हम कैसे विधवा और बुजुर्गों को भत्‍ता और पेंशन आदि दे सकते हैं। हम बताएंगे कि किस तरह से उत्‍तर प्रदेश की कानून व्‍यवस्‍था संभाल कर सूबे को औद्योगीकरण एवं विकास के रास्‍ते पर लाकर लोगों का जीवन स्‍तर सुधारने का काम करके आम आदमी पार्टी यहां नया इतिहास लिखने का काम करेगी। जहां भी हमारा छोटा बड़ा सम्‍मेलन होगा, वहां हम दिल्‍ली के मॉडल को बताने का काम करेंगे।

हर जोन के लिए अलग-अलग प्रभारी-
इस अभियान का प्रभार अलग-अलग जोन में अलग-अलग साथियों को सौंपा गया है। प्रदेश सहप्रभारी अभिनव राय, बृजलाल लोधी, शकील मलिक, डॉ प्रशांत वर्मा, डॉ राजेश्‍वर सिंह, बृज कुमारी और प्रदेश उपाध्‍यक्ष सोमेंद्र ढाका, सर्वजीत सिंह मक्‍कड़ भी अभियान के प्रभारी होंगे। इस पूरे अभियान का संचालन की जिम्‍मेदारी प्रदेश अध्‍यक्ष सभाजीत सिंह और महासचिव दिनेश पटेल पूरे अभियान की मानीटरिंग करेंगे। डाटा मैनेजमेंट का काम प्रदेश के मुख्‍य प्रवक्‍ता वैभव माहेश्‍वरी, अनिकेत सक्‍सेन, प्रदेश सह प्रभारी सुधीर भारद्वाज, शशिकांत और तनय तिवारी देखेंगे।