लखनऊ. बहुजन समाज पार्टी (Bahujan Samaj Party) सुप्रीमो मायावती (Mayawati) से गठबंधन टूटने के बाद समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एक और गठबंधन को मौका दे सकते हैं। लोकसभा चुनाव (Loksabha Election) के बाद खाली हुई 13 विधानसभा सीटों पर अखिलेश यादव पूरी मजबूती के साथ उतरना चाहते हैं। शुक्रवार को हुई सपा कार्यालय में बैठक और मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) के भी इसमें शामिल होने से अनुमान लगाया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी किसी बडी़ रणनीति पर काम कर रही है। यह अनुमान इसलिए और भी मजबूत हो जाता है क्योंकि सुहैलदेव भारतीय समाज पार्टी (Suhaildev Bhartiya samaj Party) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर (Omprakash Rajbhar) भी एका एक उनसे मिलने सपा कार्यालाय पहुंचे। राजभर लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा से नकारे जाने के बाद पहली दफा वह अखिलेश से मिले और करीब घंटे भर मुलाकात की। यह मुलाकात योगी के कैबिनेट विस्तार के बाद बढ़ी राजभर की बेचैनी का नतीजा भी माना जा रहा है क्योंकि केबिनेट में भाजपा विधायक अनिल राजभर का कद बढ़ा दिया गया है। ऐसा कर भाजपा ने न सिर्फ ओमप्रकाश राजभर की कमी पूरी की है बल्कि राजभर वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश भी की है। सेंध के मामले में भाजपा ने यादव गढ़ों को भी नहीं छोड़ा है। औरैया, कानपुर देहात, बदायूं जैसे क्षेत्रों से भाजपा ने कई नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह दी है। जिसके बाद सपा आलाकमान भी चिंतित है।