पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जारी एक बयान में कहा है कि उत्तर प्रदेश में अपराधी बेलगाम हैं। कानून-व्यवस्था का उन्हें जरा भी खौफ नहीं रह गया है। हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सीएम योगी के बयान के बाद भी अपराधी प्रदेश छोड़कर नहीं गए, जो जेल गए वहीं से वे अपना काला धंधा धड़ल्ले से चला रहे हैं। महामहिम राज्यपाल महोदय भले ही इन हालात में उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम प्रदेश की राह पर बताएं पर सच तो यह है कि आज यह राज्य जनता के लिए भय और दहशत का पर्याय बन गया है।