
Akhilesh Meeting
लखनऊ. समाजावादी पार्टी में छिड़ी रार के बीच पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को पार्टी कार्यालय में यूथ ब्रिगेड के साथ एक बैठक की। शिवपाल यादव के समाजवादी सेक्युलर मोर्चे के ऐलान के बाद अखिलेश यादव ने पार्टी पधाकारियों व पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मीटिंग करना शुरू कर दी है। आज इसी कड़ी में उन्होंने मुलायम यूथ ब्रिगेड के साथ बैठक की और संबोधित करते हुए उन्हें 2019 चुनाव में जुट जाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सीएम योगी द्वारा शिक्षकों के धरना-प्रदर्शन तथा सिर मुड़वाना को पिछले जन्म का फल कहे जाने पर बड़ा बयान दिया।
मुख्यमंत्री की भाषा और व्यवहार शिक्षकों को अपमानित करने वाली-
सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा ने सभी का सम्मान गिराया है। किसानों-नौजवानों का अपमान किया है। नौजवानों में योग्यता नहीं होने की बात करना निंदनीय है। इसी तरह सिर मुंडाने वाले शिक्षामित्रों को शिक्षक न बताना गलत है। मुख्यमंत्री जी का व्यवहार शिक्षकों के प्रति अपमान जनक है। शिक्षकों को पेशा धरना-प्रदर्शन तथा सिर मुड़वाना नहीं है और न ही पिछले जन्म का फल है। यह भाजपा सरकार द्वारा शिक्षकों का अपमान है। एक तो उनके साथ न्याय नहीं किया जा रहा है वहीं मुख्यमंत्री की भाषा और व्यवहार शिक्षकों को अपमानित करती है।
युवाओं को दी ये जिम्मेदारी-
पूर्व सीएम ने कहा कि नौजवानों को यह संकल्प लेना चाहिए कि 2019 के लोकसभा चुनावों में नया प्रधानमंत्री चुनना है। जब तक भाजपा को सत्ता से बाहर न कर दें, नौजवानों को चैन से नहीं बैठना चाहिए। भाजपा ने आने वाली पीढ़ी के भविष्य को अंधकार में ढकेला है। पूरी एक पीढ़ी की ऊर्जा को नाकाम कर दिया है। नौजवानों को भाजपा की कुत्सित साजिशों से सावधान रहना है। भाजपा के भ्रमजाल से जनता को जागरूक करने की जिम्मेदारी भी समाजवादी नौजवानों की हैं।
अखिलेश ने एक हफ्ते में चार युवा संगठनों के साथ की ताबड़तोड़ बैठकें-
शिवपाल के पार्टी से अलग मोर्चे के ऐलान के चलते अखिलेश यादव ने पिछले एक सप्ताह में कई बैठके की हैं। विगत एक सप्ताह में समाजवादी यूथ संगठनों समाजवादी पार्टी को चारों युवा संगठन, समाजवादी छात्रसभा, युवजन सभा, लोहिया वाहिनी, यूथ ब्रिगेड की बैठक लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में सम्पन्न हो चुकी है। जिसमें 5 हजार नौजवानों ने हिस्सा लिया। अखिलेश यादव ने इन बैठकों के जरिए आगामी 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का नौजवानों का आह्वान किया है।
आज हुई बैठक में उदय प्रताप सिंह, राजेन्द्र चौधरी, नरेश उत्तम पटेल, एस.आर.एस. यादव, संजय लाठर, जावेद आब्दी, विकास यादव, मो0 एबाद, बृजेश यादव, प्रदीप तिवारी और दिग्विजय सिंह देव, उपस्थित रहे।
Published on:
05 Sept 2018 10:21 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
