पत्रिका एक्सक्लूसिव
लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की पहली प्राथमिकता प्रदेश में गड्ढामुक्त सड़कें थीं। इसके लिए सरकार बनते ही लोक निर्माण विभाग ने 1400 करोड़ जारी किए थे। दावा किया गया था कि जून 2017 तक पहले चरण में प्रदेश की 11 हजार सडक़ों के गड्ढे भर दिए जाएंगे। लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी ऐसा न हो सका। जुलाई 2018 की आंकड़े यह बताने के लिए काफी हैं कि प्रदेश की आधी से अधिक सडक़ें बारिश के आते ही गड्ढों में तब्दील हो गयी हैं। सडक़ों के इन गड्ढों में गिरकर हर रोज लोग घायल हा रहे हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार पिछले एक साल में उत्तर प्रदेश में सडक़ों में गड्ढे होने की वजह से देशभर में सबसे ज्यादा मौतें हुईं। रिपोर्ट के अनुसार बीते वर्ष यूपी में 987 लोगों की जान सडक़ पर गड्ढों की वजह से हुए हादसों में चली गईं, जो देश में सबसे अधिक है। रिपोर्ट के मुताबिक उप्र में गड्ढों में तब्दील हो चुकी सडक़ें जानलेवा साबित हो रही हैं। योगी सरकार के गड्ढामुक्त सडक़ों के दावों के विपरीत गत वर्ष 2017 में इन गड्ढों ने 3,597 लोगों की जान ले ली। मतलब देश में सडक़ पर गड्ढों की वजह से औसतन रोजाना 10 जान जा रही हैं। 2016 के मुकाबले देखा जाए तो एक साल में यह आंकड़ा 50 फीसदी तक बढ़ गया है।