आगरा उत्तरी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में विजयी रहे भाजपा के पुरुषोत्तम खंडेलवाल को विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में शपथ दिलाई। आगरा उत्तरी से विधायक जगन प्रसाद गर्ग के निधन के बाद वहां उपचुनाव कराया गया था। विधानसभा अध्यक्ष ने खंडेलवाल को संविधान व विधानसभा कार्य संचालन नियमावली की पुस्तकें भेंट कीं। इस मौके पर मंत्री आशुतोष टंडन, डॉ. एसपी सिंह बघेल और प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप दुबे खास तौर पर उपस्थित रहे।