एसआईटी की रिपोर्ट के बाद बुधवार को भाजपा विधायक के खिलाफ माखी थाने में आईपीसी की धारा 363, 366, 376, 506 और पॉस्को एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया। विधायक पर गंभीर आरोपों में मामला दर्ज होने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी गिरफ्तारी की खबरें तेजी से वायरल होने लगीं। आत्मसमर्पण की खबर वायरल हुई तो आरोपी विधायक रात साढ़े 11 बजे ही एसएसपी की गैरमौजूदगी में उनके कैंप ऑफिस पहुंच गये। उन्होंने कहा कि वह टीवी पर अपनी गिरफ्तारी की खबरें सुनकर यहां आये है। उनके खिलाफ अगर किसी मामले में आरोप हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाये।