
lakhimpur news
लखीमपुर-खीरी. सिख सम्प्रदाय के प्रथम गुरु गुरुनानक देव जी का प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर कीर्तन यात्रा निकाली गई। जिसके आगे मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा झाड़ू लगाकर रास्ते को साफ किया जा रहा था यह इस प्रकाश पर्व पर पहली बार हुआ है। इसे आपसी सौहार्द व भाईचारा बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया।
गुरुनानक देव जी सिख समुदाय के प्रथम गुरु एवं सिख पंथ के स्थापक थे। सिख समुदाय में उनका बहुत सम्मान किया जाता है। हर साल उनका प्रकाश पर्व धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इसी कड़ी में शनिवार को गुरुद्वारा श्री गुरुसिंह सभा से शोभा यात्रा निकाली गई। सम्प्रदाय के लोग वेश-भूषा में थे। आगे-आगे पंच प्यारे तलवार लेकर चल रहे थे। उनके पीछे रथ पर श्रीगुरुग्रंथ साहिब विराजमान थे। रागी जत्थे कीर्तन-भजन कर रहे थे। सभी लोग पूरे उत्साह के साथ थे।
मुस्लिम समुदाय ने भी एकता का पैगाम दिया। यात्रा के आगे-आगे समुदाय के लोगों ने झाड़ू लगाकर रास्ता साफ किया। वहीं उन लोगों ने सिख श्रद्धालुओं के लिए जलपान की भी व्यवस्था की। सभी ने पूरे आदर के साथ उनके जलपान को ग्रहण किया।
अयोध्या में राम जन्मभूमि पर आए देश की सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद आपसी भाईचारे को कायम करने के लिए इस प्रकाश पर्व पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपना अहम योगदान दिया यह जिले की गंगा जमुनी तहजीब एक बानगी बना। इस दौरान सड़कों पर भारी पुलिस बल तैनात था वही डीएम और एसपी खुद सड़कों पर रूट मार्च करते हुए नजर आए।
Published on:
09 Nov 2019 09:59 pm
