रविवार को लखनऊ में प्रदेश भर के जिलाधिकारियों के साथ हुई बैठक में जिस तरह मुख्यमंत्री ने अफसरों को फटकार लगाई, उससे एक बात तो साफ़ है कि सीएम नौकरशाही की कार्यशैली से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने एक ओर जहां स्वच्छ भारत मिशन में अफसरों को आलस और बहानेबाजी पर फटकार लगाई तो दूसरी ओर जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता के बीच ठीक ढंग से न पहुंचने को लेकर भी सवाल खड़े किये। उन्होंने इस बात के लिए भी अफसरों को फटकार लगाई कि हैंडपंप पर कब्जे और आय प्रमाण पत्र जैसी मामूली समस्याओं का भी अफसर महीनों तक निस्तारण नहीं करते।