
Congress MLC Candidate
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. लखनऊ खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद के लिए कांग्रेस पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी बृजेश कुमार सिंह ने आज अपना पर्चा दाखिल किया। इस दौरान यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू मौजूद रहे। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक युवाओं के हक और हुकूक के लिए संघर्षरत है। मौजूदा समय में आज का युवा हताश और निराश है। योगी सरकार के राज में रोजगार के अवसर निरन्तर कम होते जा रहे हैं। नई भर्तियों पर रोक लगी हुई है। आये दिन भर्तियां भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है। उन्होंने अपील की है कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ से कांग्रेस प्रत्याशी बृजेश कुमार सिंह को भारी बहुमत से विजयी बनाकर युवाओं, छात्रों, महिलाओं, किसानों, मजदूरों, मजलूमों की आवाज को मजबूत बनायें।
कांग्रेस प्रत्याशी बृजेश कुमार सिंह ने कहा कि मैं अगर सभी साथियों के समर्थन से सदन में पहुंचा तो निश्चित तौर पर बेरोजगार नौजवानों की मजबूत आवाज बनूंगा और समय-समय पर वह चाहे नौकरी का मुद्दा हो, किसानों की बदहाली का मुद्दा हो, महिलाओं की सुरक्षा और उनकी भागीदारी की बात हो, बढ़ती मंहगाई की बात हो, सड़क से लेकर सदन तक मैं उत्तर प्रदेश के साथियों की आवाज बनूंगा। उन्होंने मीडिया के साथियों को भी सहयोग प्रदान करने के लिए उनका सहयोग मांगा।
Published on:
11 Nov 2020, 7:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.