
मंदिर निर्माण पर बोले डिप्टी सीएम- एक जनेऊधारी ने ही लगाया अड़ंगा, बाबर के नाम की एक भी ईंट नहीं रखने देंगे
लखीमपुर-खीरी. अयोध्या के राम मंदिर निर्माण पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दुनिया की कोई ताकत अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण होने से नहीं रोक सकती। अभी अयोध्या मामला सुप्रीम कोर्ट में है, इसलिए इस पर कुछ नहीं किया जा सकता, लेकिन बाबर के नाम पर भी अयोध्या में एक ईंट नहीं रखने दी जाएगी। उपमुख्यमंत्री एक शॉपिंग मॉल के उद्घाटन के सिलसिले में लखीमपुर पहुंचे थे। उनके साथ भाजपा प्रदेश संगठन के महामंत्री सुनील बंसल भी थे।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दावा करते हुए कहा कि अयोध्या में भव्य मंदिर तो जरूर बनेगा, लेकिन कब बनेगा यह तारीख हम अभी नहीं बता पाएंगे। इस दौरान उन्होंने सरयू नदी के किनारे भगवान राम की भव्य प्रतिमा की बात कही। कहा कि सरकार अयोध्या के विकास के लिये बहुत काम कर रही है।
कहा- एक जनेऊधारी ने ही लगाया अड़ंगा
नाम लिए बिना इशारों ही इशारों में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि एक जनेऊधारी ने ही अयोध्या के मंदिर मुद्दे पर अड़ंगा लगा रखा है। उन्होंने कहा सभी लोग जानते हैं कि कौन राम मंदिर का निर्माण करवाना चाह रहा था और कौन रुकवाना चाह रहा था।
Published on:
4 Nov 2018, 5:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.