
यूपी के सरकारी प्राइमरी स्कूलों में नहीं रद्द होगी परीक्षाएं, अप्रैल के अंत में होगी आंकलन परीक्षा
लखनऊ. बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में 25 व 26 मार्च को होने वाली परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। सभी विद्यार्थियों को अगली कक्षा के लिए असेसमेंट के तौर पर प्रमोट किया जाएगा। इसको लेकर महानिदेशक विजय किरन आनंद ने आदेश जारी कर दिया है। अप्रैल से नया सत्र शुरू हो जाएगा। इस बीच अप्रैल में होने वाली परीक्षाओं का स्तर 2020-21 की कक्षाओं का होगा, उदाहरण के तौर पर कोई विद्यार्थी इस बार कक्षा दो में है और अप्रैल में वह कक्षा तीन में होगा, लेकिन उसकी परीक्षा का स्तर कक्षा दो का होगा।
31 मार्च तक स्कूल बंद
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 31 मार्च तक स्कूल बंद करने के आदेश दिए हैं। लिहाजा अटकले लगाई जा रही हैं कि अब परीक्षाएं नहीं होंगी। लेकिन मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में सहमति बनी कि परीक्षाएं निरस्त नहीं की जाएंगी। कक्षा आठ तक विद्यार्थियों को असेसमेंट के तौर पर प्रमोट किया जाएगा। परीक्षाओं का मंतव्य केवल विद्यार्थियों के ज्ञान का आंकलन करना होता है लिहाजा इसका आयोजन स्कूल खुलने के बाद किया जाएगा।
पढ़ाई में गुणवत्ता लाना है लक्ष्य
पिछले शैक्षिक सत्र में कोरोना संक्रमण के कारण कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों की परीक्षाएं नहीं कराई गई थीं। लॉकडाउन में स्कूल बंद होने से शिक्षा प्रभावित हुई थी। बेसिक शिक्षा विभाग ने इस प्रभाव को कम करने व पढ़ाई में हुए लॉस को कवर करने के लिए कई तरह की योजनाएं निकालीं ताकि ताकि बच्चे न्यूनतम लर्निंग गोल को प्राप्त कर सके। लेकिन एक वर्ष से कोई आंकलन न होने के कारण रणनीति में बदलाव नहीं जा सका है। सरकार ने तय किया था कि हर तीन महीने पर सैट (स्टूडेंट असेसमेंट टेस्ट) लिया जाएगा लेकिन यह योजना भी कारगर नहीं हुई। पिछले वर्ष हुए सैट का रिजल्ट फरवरी, 2020 में आया था। सैट प्रदेश स्तर पर ओएमआर शीट पर आयोजित किया जाता है।
Published on:
24 Mar 2021, 12:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.