
Rishikesh AIIMS: उत्तराखंड की ऋषिकेश पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ऑल इंडिया स्तर पर एम्स द्वारा आयोजित एमडी परीक्षा (इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इंपोर्टेंस कंबाइंड एंट्रेंस टेस्ट 2024) में नकल कराते पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एम्स ऋषिकेश के दो डॉक्टर भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी परीक्षा केंद्रों में टेलीग्राम की मदद से परीक्षार्थियों को प्रश्नों के उत्तर भेज रहे थे।
दरअसल, परीक्षा केंद्रों से परिक्षार्थी प्रश्न पत्र की फोटो खींचकर टेलीग्राम से आरोपियों को उपलब्ध करा रहे थे। इसके बाद आरोपी प्रश्नों के उत्तर लिखकर टेलीग्राम के माध्यम से भेज रहे थे। पुलिस का कहना है कि परीक्षार्थियों को नकल कराने में एम्स ऋषिकेश के दो डॉक्टर भी शामिल थे। एमडी की परीक्षा में पास कराने के एवज में प्रत्येक अभ्यर्थी से 50 लाख रुपए लिये गये थे।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस को परीक्षा केंद्रों में परीक्षा के दौरान परिक्षार्थियों को अनुचित माध्यमों से नकल कराए जाने की गोपनीय सूचना मिली थी। इसके बाद ऋषिकेश पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने रविवार देर रात को बैराज रोड पर एक टाटा सफारी संख्या DL3CW5412 में बैठे पांच लोगों को गिरफ्तार किया। ये सभी लोग एम्स की एमडी परीक्षा में कांगडा हिमाचल के परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन एवं टैबलेट के माध्यम से प्रश्न पत्रों के उत्तर उपलब्ध करवा रहे थे। उनके साथ दो डॉक्टर भी पकड़े गए। पूछताछ में अभियुक्त अजीत ने बताया कि उसकी तीन लैब हैं। जिनके माध्यम से वह अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी परिक्षार्थियों को नकल कराने के एवज में मोटी धनराशि लेता है।
-अजीत (44) पुत्र स्वर्गीय सतवीर सिंह निवासी, निवासी मकान नंबर 540 सेक्टर आठ जिला जींद हरियाणा।
-अमन शिवाच(24) पुत्र अर्जुन निवासी गली नंबर 18/10 विकास कॉलोनी रोहतक हरियाणा।
-वैभव कश्यप(23) पुत्र संजीव कश्यप, निवासी 260 अंबिका एनक्लेव सनौर पटियाला पंजाब।
-विजुल गौरा (31) पुत्र गोविंद लाल निवासी 2/5 पटेल नगर जिला हिसार हरियाणा।
-जयंत ( 22)पुत्र प्रकाश निवासी मकान नंबर 423 डिफेंस कॉलोनी जिला हिसार हरियाणा।
Updated on:
20 May 2024, 6:29 PM IST
Published on:
20 May 2024, 6:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.