
लखनऊ. बीजेपी के दिग्गज नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रहे कल्याण सिंह (Ex. CM Kalyan singh) का आज 89 साल की उम्र में निधन हो गया। बीते कुछ दिनों की बात करें तो सीएम योगी समेत बीजेपी के कई बड़े नेता कल्याण सिंह से मिलने पीजीआई अस्पताल गए थे। कल्याण सिंह यूपी की राजनीति का केंद्र रह चुके हैं। कई बड़े नेता कल्याण सिंह का सानिध्य पाकर पनपे हैं। कल्याण सिंह का पूरा राजनीतिक सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा है। कल्याण सिंह का यूपी के अलीगढ़ जिले के एक छोटे से गांव माधोली में जन्म 5 जनवरी 1932 को हुआ था। कल्याण सिंह की शुरुआती पढ़ाई-लिखाई अलीगढ़ में हुई थी।
बाबरी विध्वंस मामले में चर्चा में रहे कल्याण सिंह
कल्याण सिंह ने साल 1967 में राजनीति में एंट्री ली थी, कल्याण सिंह पहली बार विधायक चुने गए और 1980 तक विधायक रहे। 1991 में बीजेपी की सरकार बनी तो मुख्यमंत्री बनाया गया। कल्याण सिंह का नाम बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद से हमेशा चर्चा में रहा। जब बाबरी विध्वंस हुआ था तब कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश के सीएम थे। हालांकि इस घटना के बाद उन्होंने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। 1997 में कल्याण सिंह दोबारा यूपी के सीएम बने। बाबरी मस्जिद विध्वंस में कल्याण का नाम घसीटा गया, लेकिन 1998 में कल्याण सिंह की सरकार ने बाबरी मस्जिद विध्वंस में शामिल लोगों के खिलाफ सभी आरोप वापस ले लिया था।
अटल बिहारी से विवाद के बाद बनाई नई पार्टी
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को आदर्श मानते थे, लेकिन एक बार ऐसा समय आया जब कल्याण सिंह ने अटल बिहारी से नाराज होकर बीजेपी से नाता तोड़ लिया था। उसके बाद कल्याण सिंह ने नई पार्टी बना ली, जिसका नाम राष्ट्रीय क्रांति पार्टी था, हालांकि बाद में अटल बिहारी के अनुरोध पर ही वे बीजेपी में वापस आ गए थे। 2009 में फिर भाजपा से अलग होकर सपा में शामिल हो गए थे, लेकिन 2013 में फिर बीजेपी में शामिल हो गए। मोदी सरकार के आने के बाद कल्याण सिंह को राजस्थान और हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया।
Updated on:
21 Aug 2021, 10:28 PM IST
Published on:
21 Aug 2021, 10:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.