
नवाचार से कायाकल्प' संदेश के साथ हुआ राष्ट्रीय डाक सप्ताह का शुभारंभ
लखनऊ ,विश्व डाक दिवस' और 'राष्ट्रीय डाक सप्ताह' के क्रम में डाक विभाग द्वारा 9 अक्टूबर को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गए। वाराणसी कैण्ट प्रधान डाकघर से पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने विश्व डाक दिवस पर जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान डाककर्मी अपने हाथों में विभिन्न डाक सेवाओं की तख्ती लिए हुए उनके बारे में जागरूक करते हुए चल रहे थे। इसी क्रम में डाककर्मियों के बीच मैत्री क्रिकेट मैच भी खेला गया।
मल्टीपरपज ग्राउंड, वाराणसी कैंट में आयोजित इस मैच में वाराणसी पूर्वी मंडल, वाराणसी पश्चिमी मंडल और क्षेत्रीय कार्यालय की टीमों ने भाग लिया, जिसमें वाराणसी पश्चिमी मंडल की टीम विजेता रही। 'समृद्ध सुकन्या, समृद्ध समाज' का सन्देश देने हेतु महिलाओं ने भी क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लिया। पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने वाराणसी पश्चिमी मंडल टीम के कप्तान सहायक अधीक्षक आर.के चौहान सहित पूरी टीम और प्लेयर ऑफ़ दि टूर्नामेंट नन्द लाल को सम्मानित करते हुए टीम भावना से कार्य करने और खेलों को अपनी जीवन शैली में अपनाने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि इस वर्ष विश्व डाक दिवस की थीम 'नवाचार से कायाकल्प' है। डाक विभाग देश के सबसे पुराने विभागों में से एक है। डाक विभाग ने वक़्त के साथ अपनी सेवाओं और स्वरुप में परिवर्तन करते हुए, नवाचार के साथ नित्य नए आयाम गढ़े हैं।कोरोना महामारी के दौर में चुनौतियों को स्वीकार करते हुए डाककर्मियों ने कोरोना वॉरियर्स के रूप में नई भूमिका निभाई। घर बैठे तमाम सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ डाक विभाग आज बैंकिंग, बीमा सेवा, डीबीटी भुगतान में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
आमजन में अटूट विश्वास, जन सेवा, विश्वसनीयता का प्रतीक डाक विभाग आज भी प्राय: हर दरवाजे पर दस्तक लगाता है। डाक सप्ताह के दौरान भी आम जनता को इन योजनाओं से जोड़कर वित्तीय समावेशन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रत्येक स्तर पर विशेष अभियान चलाये जायेंगे।
Published on:
9 Oct 2021, 7:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.