पत्रिका न्यूज नेटवर्क.
मेरठ. कोरोना (Coronavirus in UP) के चलते लॉकडाउन (Lockdown) के दौरान ऑनलाइन गोल्ड (Online Gold) की डिमांड खूब बढ़ी। लोगों ने सुरक्षित निवेश के रूप गोल्ड बॉन्ड (Gold Bond) व ईटीएफ (ETF) में पैसा लगाया। इस कारण इसके दाम में ऐतिहासिक वृद्धि देखने को मिली। सोना 56000 के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा, हालांकि फिजिकल गोल्ड में लोगों का रूझान कुछ कम रहा। अपनी कारीगरी और गुणवत्ता के लिए मशहूर एशिया की सबसे बड़ी सर्राफा मंडी (Sarafa) मेरठ इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं, जहां कि गलियां लॉकडाउन खुलने के बाद भी सूनी पड़ी हैं। सोने-चांदी के भाव में हर रोज बदलाव के बावजूद खरीदार गायब हैं। सोना कारीगरों से लेकर बड़े- बड़े व्यापारी तक खाली बैठे हैं। उन्हें ग्राहकों का इंतजार है। व्यापारियों को उम्मीद थी कि अनलॉक के बाद कारोबार में तेजी आएगी। लेकिन अब भी बाजार से ग्राहक गायब हैं। फिर भी व्यापारियों को उम्मीद है कि दीपावली तक बाजार की खामोशी टूटेगी। इसके लिए सर्राफा मार्केट ने तैयारियां भी की हैं।