जैमिन बापू ने एटीएस को बताया कि कमलेश तिवारी हत्याकांड का मुख्य आरोपित अशफाक ने कमलेश का विश्वास जीतने के लिए रोहित सोलंकी के नाम से फेक आइडी बनाई थी। कमलेश तिवारी का विश्वास जीतने के लिए वह न सिर्फ हिंदूवादी पोस्ट करता था, बल्कि हिंदू समाज पार्टी (एचएसपी) नाम से फेसबुक अकाउंट खोलकर करीब 4000 लोगों को इससे जोड़ा भी। सूरत से लखनऊ जाते वक्त उसने कमलेश तिवारी के साथ ही पार्टी के यूपी अध्यक्ष गौरव गोस्वामी से 18 अक्टूबर को पार्टी कार्यालय में आने की जिद की थी, लेकिन काम ज्यादा होने के कारण गौरव ने मना कर दिया, जिससे उसकी जान बच गई। गौरव ने भी इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि अशफाक ने 18 अक्टूबर को मुझे भी फोन कर पार्टी कार्यालय बुलाया था।