थ्री नॉट थ्री एक बोल्ट एक्शन, मैगज़ीन फेड रिपीटिंग राइफल है। इसमें बोल्ट राइफल का वो पुर्जा होता है, जो कारतूस के दगते वक्त नाल का पिछला हिस्सा ब्लॉक किये रहता है। पुराने जमाने की फिल्मों में इस तरह की राइफल का उपयोग दिखाया गया है। थ्री नॉट थ्री में हर बार गोली चलाने से पहले राइफल के पीछे लगे एक छोटे से हैंडल को घुमा कर आगे-पीछे किया जाता है। बोल्ट जब पीछे खींचा जाता है, तो पहले से दगे कारतूस का खोल बाहर आता है। बोल्ट को आगे खिसकाने पर वह अपने साथ आए नए कारतूस को चेंबर में ले जाता है। चेंबर में ही वो धमाका होता है, जिसके चलते बंदूक से गोली निकलती है। चेंबर में ले जाने के बाद बोल्ट को फिर लॉक किया जाता है। इसके बाद गोली चलाई जाती है।