13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

विधान सभा की कार्यवाही की गुणवत्ता बढ़ाएं : हृदय नारायण दीक्षित

संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मुख्यमंत्री की भावना के साथ सम्बद्ध करते हुए सभी दलीय नेताओं से सहयोग की अपील की।

3 min read
Google source verification
 Assembly session

इस बैठक में सदन के नेता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम रचनात्मक बहस, विचार-विमर्श को बढ़ावा के साथ अधिकतम चर्चा एवं अधिक समय तक सदन की कार्यवाही चलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सभी विषयों पर चर्चा के लिए तैयार है। हम सदन में उठाए जाने वाले मुद्दों व जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए भी तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश और दुनिया की सबसे बड़ी विधान सभा है। उन्होंने कहा कि हम सबको सदन में शालीनतापूर्वक ढंग से बहस करनी चाहिए। हम सबका लक्ष्य जनता का कल्याण और लोकतंत्र की जड़ को मजबूत करने का है। हम जनता की समस्याओं के लिए कटिबद्ध है। प्रत्येक महत्वपूर्ण मुद्दे पर सदन में चर्चा कराये जाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने सदन को सुचारू रूप से चलाने की अपील की।

 Assembly session

अध्यक्ष, हृदय नारायण दीक्षित ने सभी दलीय नेताओं से अनुरोध किया कि वे अपना-अपना पक्ष सदन में शालीनता व संसदीय मर्यादा के साथ रखें। बहस की गुणवत्ता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यवस्था आदर्श नहीं हो सकती, उसकी गुणवत्ता में सुधार हेतु सदैव गुंजाइश बनी रहती है। श्री दीक्षित ने कहा कि दुनिया के सभी लोकतंत्रीय देशों में पक्ष होता है, विपक्ष होता है, सहमतियां होती हैं, असहमतियां होती हैं, तर्क होता है, प्रति तर्क होता है। वाद-विवाद होते हैं। सहमति और असहमति दोनों जिस बिन्दु पर मिलते हैं, वहीं संवाद है और जनतंत्र संवाद से मजबूत होता है। उन्होंने सदन की चर्चा के दौरान सदस्यों को व्यक्तिगत आक्षेप से बचने की अपील की। यहां पर वाद-विवाद की गुणवत्ता एवं जो आदर्श उपस्थित किये जाते है वे दूसरे विधान मण्डलों के लिए अनुकरणीय होते है। उन्होंने इस बात पर भी सन्तोष प्रकट किया कि विगत बजट सत्र में एक-दो अवसरों को छोड़कर सदन बहुत व्यवस्थित ढंग से चला था। उन्होंने मानसून सत्र को बिना किसी व्यवधान के चलाए जाने की अपील की।

 Assembly session

हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि सदन में कभी-कभी तात्कालिक प्रसंगों को लेकर व्यवधान आता है। वाद-विवाद होता है। समाधान होता है। तात्कालिक क्रिया-प्रतिक्रिया स्वाभाविक होता है लेकिन पहले से सुनियोजित ढंग से व्यवधान की मंशा से जो व्यवहार आचरित होता है, उससे लोकतंत्र कमजोर होता है। बैठक में नेता विरोधी दल राम गोविन्द चौधरी, बहुजन समाज पार्टी के नेता लालजी वर्मा, कांग्रेस दल के नेता श्री अजय कुमार उर्फ लल्लू ने भी अपना विचार प्रकट करते हुए सदन की कार्यवाही को व्यवस्थित चलाने में प्रत्येक प्रकार से सहयोग देने का आश्वासन दिया। नेता विपक्ष ने कहा कि वर्तमान समय में लोकतंत्र सिकुड़ता जा रहा है। विधान सभा में विभिन्न विषयों पर पर्याप्त चर्चा नहीं हो पाती है। सत्र के दिनों को बढ़ाकर चर्चा कराये जाने की मांग की। लाल जी वर्मा ने सदन में संचालन में सहयोग का आश्वासन दिया और सदन की मर्यादा के उल्लंघन पर चिंता व्यक्त की। सुहेलदेव समाज पार्टी के नेता श्री ओम प्रकाश राजभर ने भी बैठक में भाग लिया।

 Assembly session

संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मुख्यमंत्री की भावना के साथ सम्बद्ध करते हुए सभी दलीय नेताओं से सहयोग की अपील की। इसके पूर्व कार्य-मंत्रणा की बैठक हुई। अध्यक्ष विधान सभा हृदय नारायण दीक्षित ने बताया कि बैठक में 23 अगस्त से 31 अगस्त तक के घोषित कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। 23 अगस्त को स्व0 प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को शोकांजलि के बाद सदन स्थगित कर दिया जाएगा। दिनांक 24 अगस्त को विधान सभा की बैठक नहीं होगी। 27 अगस्त को पूर्व घोषित कार्यक्रमों के अनुसार 12:20 बजे से अनुपूरक बजट रखा जाएगा। शेष आगे के कार्यक्रमों के लिए कार्य मंत्रणा पुनः बैठेगी। इस अवसर पर उ0प्र0 विधान सभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

 Assembly session

बैठक के अंत में सभी दलीय नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 अटल बिहारी वाजपेयी जी के निधन पर उनके परिजनों के प्रति गहरी सहानुभूति व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए 02 मिनट का मौन रखकर परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की।