यूपी सरकार शस्त्र लाइसेंस व उसके इस्तेमाल को लेकर इन दिनों बेहद सख्त तेवर अख्तियार कर रही है। बीते दिनों लाइसेंसी असलहों का जखीरा लेकर चल रहे बाहुबलियों व कुख्यात अपराधियों पर यूपी पुलिस ने नजर टेढ़ी कर दी। उत्तर प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह (UP DGP OP Singh) ने ऐसे कई बाहुबलियों के पास मौजूद शस्त्रों का ब्योरा जुटाने का निर्देश दिया है, जो आपराधिक गतिविधायों में भी लिप्त रहे हैं। उनके लाइसेंस निरस्त कराए जाएंगे। इस सूची में बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी (9 लाईसेंसी शस्त्र) व पूर्व सांसद अतीक अहमद (4 लाईसेंसी शस्त्र) जैसे नाम शामिल हैं। इनके अलावा सुंदर भाटी, अमित भाटी, सुशील मूंछ समेत नौ अपराधी ऐसे है जिनके पास एक से अधिक लाइसेंसी शस्त्र हैं। यह भी यूपी पुलिस की हिट लिस्ट में शामिल है। इन सभी के शस्त्र लाइसेंस कैंसिल कराने की कसरत होगी।