
रोजाना जमा करें 27 रुपये, एकमुश्त मिलेंगे 10.60 लाख, जानें- LIC के न्यू इंडोमेन्ट प्लान के बारे में
उन्नाव. एलआईसी (LIC) की न्यू बंदोबस्त की योजना में 27 रोज जमा करके आप 10.62 लाख रुपए से ज्यादा का रिटर्न ले सकते हैं। छोटी आय वालों के लिए यह योजना काफी लाभदायक है। इस प्लान के तहत थोड़ी-थोड़ी पूंजी जमा करके निश्चित समय बाद आपको बड़ी एकमुश्त राशि मिल सकती है। भारतीय जीवन बीमा निगम उन्नाव की शाखा के विकास अधिकारी बादल यादव बताते हैं कि एलआईसी का न्यू एंडोमेंट प्लान का टेबल नंबर 914 है। इसमें एलआईसी बोनस के साथ अंतिम अतिरिक्त बोनस भी देती है। यह समय के साथ बढ़ता जाता है। इसके साथ ही पॉलिसी में इनकम टैक्स से छूट भी मिलती है।
विकास अधिकारी बादल यादव के मुताबिक, एलआईसी के इस न्यू इंडोमेंट प्लान को 08 से 55 वर्ष के पॉलिसीधारक ले सकते हैं। अगर कोई नाबालिग इस पॉलिसी को लेता है तो प्रस्ताव उसका पिता होगा। इस प्लान के तहत बीमाधारक की उम्र 75 साल होने पर यह प्लान मैच्योर हो जाएगा। इस योजना के तहत कम से कम बीमाधन एक लाख रुपए और अधिकतम की कोई सीमा नहीं है।
मैच्योरिटी पर मिलेंगे 10.62 लाख रुपए
विकास अधिकारी बादल यादव बताते हैं कि अगर पॉलिसीधारक की उम्र 30 वर्ष है और वह 30 वर्ष की अवधि के लिए तीन लाख की पॉलिसी लेता है। फर्स्ट इयर उसकी प्रीमियम 10,056 रुपए वार्षिक होगी। दूसरे वर्ष यही किस्त 9840 रुपए वार्षिक हो जाएगी, जो मैच्योरिटी तक देय होगी। इस बीच पॉलिसीधारक का कुल प्रीमियम 2,95,416 रुपए जमा होंगे। मैच्योरिटी पर उसे बीमाधन (3 लाख) +बोनस (लगभग-4,32,000) +अंतिम अतिरक्त बोनस (लगभग- 3,30000) मिलेगा। कुल परिपक्वता राशि 10.62 लाख रुपए होगी।
रोजाना जमा करें 27 रुपए
एलआईसी कोई ऐसी स्कीम नहीं है, जिसमें रोजाना प्रीमियम जमा करने का विकल्प हो। यहां सिर्फ मासिक, तिमाही, छमाही और वार्षिक प्रीमियम ही जमा की जा सकती है। आपके एक महीने के जितनी किस्त हो उसे 30 दिनों में बांट लीजिए और रोजाना के हिसाब से किस्त की रकम गुल्लक में जमा करते जाएं और महीने के अंत में जमा कर दें। अगर आपकी उम्र 30 वर्ष है और आप 30 वर्ष के लिए बीमा लेना चाहते हैं तो रोजाना 27 रुपए निकालकर इस प्रीमियम को जमा कर सकते हैं।
INPUT- नरेंद्र नाथ अवस्थी
Updated on:
19 Oct 2020, 1:19 PM IST
Published on:
19 Oct 2020, 1:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.