
नये साल पर बड़ा तोहफा, पूरा हुआ घर का अधूरा सपना, सिर्फ 4.76 पांच में शानदार फ्लैट
लखनऊ. नए साल के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों के घर के अधूरे सपने को पूरा किया और बटन दबाकर लखनऊ में लाइट हाउस प्रॉजेक्ट (एलएचपी) का शिलान्यास किया। इसके तहत लखनऊ के 1,040 शहरी गरीबों (ईडब्ल्यूएस) को सिर्फ पौने पांच लाख रुपये में 415 वर्ग फुट के फ्लैट सौंपे जाएंगे। घरों की कीमत 12.59 लाख रुपये है, जिसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की तरफ से 7.83 लाख रुपये अनुदान के तौर पर दिए जाएंगे। बाकी 4.76 लाख रुपये लाभार्थियों को देने होंगे। सुलतानपुर रोड पर अवध विहार में यह तेरह मंजिला अपार्टमेंट तैयार होंगे। सालाना तीन लाख तक की आय वाले ही फ्लैट पाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। फ्लैट का आवंटन प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अनुसार होगा और डीएम की अध्यक्षता में खुली लॉटरी करवाई जाएगी। पीएम इस कार्यक्रम में दिल्ली से वर्चुअली जुड़े। इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। वहीं इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि शहर में रहने वाले गरीब हों या मध्यम वर्ग, इन सबका सबसे बड़ा सपना होता है, अपना घर। वो घर जिसमें उनकी खुशियां, सुख-दुख, बच्चों की परवरिश जुड़ी होती हैं। लेकिन बीते वर्षों में लोगों का अपने घर को लेकर भरोसा टूटता जा रहा था।
सबका सपना होता है अपना घर
प्रधानमंत्री ने कहा कि शहर में रहने वाले गरीब हों या मध्यम वर्ग, इन सबका सबसे बड़ा सपना होता है, अपना घर। वो घर जिसमें उनकी खुशियां, सुख-दुख, बच्चों की परवरिश जुड़ी होती हैं। लेकिन बीते वर्षों में लोगों का अपने घर को लेकर भरोसा टूटता जा रहा था। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब देश का फोकस गरीब और मध्यम वर्ग की जरूरतों पर है। अब देश ने शहर में रहने वाले लोगों की संवेदनाओं और उनकी भावनाओं को प्राथमिकता दी है।
लाइट हाउस प्रोजेक्ट मील का पत्थर
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अन्तर्गत अवध बिहार योजना, शहीद पथ, लखनऊ में 131 करोड़ रुपये की लागत की परियोजना 'लाइट हाउस प्रोजेक्ट' (एलएचपी) के शिलान्यास के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शहरी गरीबों को टिकाऊ और आपदारोधी आवास उपलब्ध कराने में उत्तर प्रदेश सरकार को सफलता मिली है और इस दिशा में 'लाइट हाउस प्रोजेक्ट' मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नव वर्ष की बधाई देते हुए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार जताया।
देने होंगे केवल पौने पांच लाख रुपये
लाइट हाउस प्रोजेक्ट के तहत 14 मंजिल टॉवर बनेंगे और एक फ्लैट का क्षेत्रफल 415 वर्गफीट होगा। एक फ्लैट की कुल कीमत 12.59 लाख रुपये होगी, जिसमें से केंद्र और राज्य सरकार द्वारा मिलकर कुल 7.83 लाख रुपये अनुदान दिया जाएगा। शेष राशि 4.76 लाख रुपये ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लाभार्थी को देनी होगी। फ्लैट का आवंटन प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अनुसार किया जाएगा और डूडा के माध्यम से डीएम की अध्यक्षता में खुली लॉटरी कराई जाएगी।
एक साल में पूरा होगा निर्माण
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने बताया कि प्रॉजेक्ट का क्रियान्वयन शहीद पथ स्थित अवध विहार योजना में किया जा रहा है। नई तकनीक के प्रयोग के कारण निर्माण कार्य करीब एक साल में पूरा हो सकेगा। प्री फैब्रिकेटेड चीजों के प्रयोग से निर्माण ज्यादा टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल होगा।
लाइट हाउस प्रॉजेक्ट की खासियत
- 34.50 वर्ग मीटर होगा कारपेट एरिया
- 14 मंजिला होगा टावर
- 1,040 फ्लैट बनाए जाएंगे
- 415 वर्ग फुट के होंगे फ्लैट
Updated on:
1 Jan 2021, 3:14 PM IST
Published on:
1 Jan 2021, 3:09 PM IST
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.