लखनऊ से दिल्ली बॉर्डर तक वॉल्वो में सफर के लिए एक यात्री को 1272 रुपये किराया देना पड़ेगा, जो पहले 1289 रुपये था। बसें दिल्ली के बजाय बॉर्डर तक जाएंगी, इसलिए दूरी कम होने से किराये में भी 17 रुपये की कमी आई है। बसें लखनऊ से कौशांबी तक करीब 519 किमी की दूरी आठ घंटे में तय करेंगी। सीटों की ऑनलाइन बुकिंग परिवहन निगम की वेबसाइट पर एडवांस और तत्काल में भी शुरू हो गई है। इसके अलावा सहारनपुर के लिए भी वॉल्वो बस सेवा गुरुवार से शुरू हो गई। कैसरबाग बस अड्डे से रोजाना वोल्वो शाम 5.30 बजे रवाना होकर मुरादाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर होते हुए अगले दिन सुबह 6 बजे सहारनपुर पहुंचेगी। लखनऊ से सहारनपुर के 634 किमी के सफर का किराया 1571 रुपये होगा। सहारनपुर से शाम 5.30 बजे लखनऊ को बस रवाना होगी।