21 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

दिव्या मिश्रा हत्याकांड: पति ने फोन कर बाहर बुलाया, हाथापाई की और मार दी गोली, सीसीटीवी फुटेज आया सामने

Divya Mishra Murder Case CCTV Footage: लखनऊ के गोमतीनगर में SBI अफसर मानस बाजपेई हत्याकांड का CCTV फुटेज आया सामने; पत्नी दिव्या से धक्का-मुक्की और बैंक के बाहर गोली मारने की वारदात हुई कैद।
2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Aman Pandey

Aug 21, 2026

Divya Murder Case

दिव्या हत्याकांड का सीसीटीवी फुटेज।

Divya Mishra Murder Case: लखनऊ के गोमतीनगर में एसबीआई के फील्ड ऑफिसर मानस बाजपेई द्वारा पत्नी और बहन की हत्या के बाद खुदकुशी मामले में नया मोड़ आया है। वारदात से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें घटना से ठीक पहले पति-पत्नी के बीच बहस और हाथापाई होती साफ नजर आ रही है। इसके तुरंत बाद बैंक परिसर के बाहर अफरातफरी मचते हुए और सुरक्षा गार्ड समेत आसपास मौजूद लोग भागते हुए दिख रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत 33 वर्षीय दिव्या मिश्रा सुबह अपने ऑफिस पहुंची थीं। कुछ देर बाद उनका पति मानस बाजपेई कार से बैंक के बाहर आया और फोन करके दिव्या को बाहर बुलाया। दोनों के बीच बातचीत के दौरान अचानक विवाद बढ़ गया और हाथापाई शुरू हो गई। इसी बीच मानस ने पिस्टल निकालकर दिव्या को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।

घर जाकर बीमार बहन की भी की हत्या

पत्नी को गोली मारने के बाद मानस सीधे गोमतीनगर स्थित अपने घर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह काफी घबराया हुआ और पसीने से तर-बतर था। घर में दाखिल होते ही उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद किया और टीवी पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा बजा दी। इसके बाद उसने अपनी मानसिक रूप से बीमार बहन शीबा की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मानस को यह चिंता सता रही थी कि उसके न रहने पर बहन की देखभाल कौन करेगा।

फिर खुद को भी मारी गोली, स्टेटस में लगाया आरोप

बहन की हत्या करने के बाद मानस ने खुद को भी गोली मारकर जीवन लीला समाप्त कर ली। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए, जहां भाई-बहन खून से लथपथ पड़े थे। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि वारदात के बाद मानस ने एक व्हाट्सएप स्टेटस लगाया था, जिसमें पत्नी पर धोखे का आरोप लगाते हुए खुद और बहन को खत्म करने की बात लिखी थी।

2018 में शादी

दिव्या और मानस की शादी साल 2018 में हुई थी और दोनों की कोई संतान नहीं थी। अनबन के चलते दिव्या ने करीब एक साल पहले तलाक की अर्जी दाखिल की थी और अपने मायके में रह रही थीं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर इस पूरे हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।