
गुड़ महोत्सव में बिक रहा छह हजार रुपए प्रति किलो का गुड़, चौंक गए
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. गुड़ महोत्सव 2021 की वजह से राजधानी लखनऊ गुड़ की सोंधी खुशबू से महक रही है। गुड़ की मिठास किसी को भी अपना दीवाना बना सकती है। इस गुड़ महोत्सव में जहां एक तरफ 50 रुपए किलो गुड़ मिल रहा है वहीं दूसरी तरफ एक गुड़ ऐसा भी है, जिसकी कीमत छह हजार रुपए प्रति किलो है। यह कीमत सुन निश्चित ही आप चौंक गए होंगे। बताया जाता है कि इस औषधियुक्त गुड़ के सेवन से तनाव कम होता है। सहारनपुर से आए 80 औषधियों से तैयार 'स्वर्ण भस्म' गुड़ की कीमत पांच हजार रुपए किलोग्राम है। गुड़ की इतनी कीमत सुन हैरान होना लाजिमी है। वैसे गुड़ महोत्सव में करीब सौ से अधिक वैराइटी के गुड़ उपलब्ध हैं।
लखनऊ में छह मार्च को दो दिनी 'राज्य गुड़ महोत्सव 2021' इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हाॅल में शुरू हुआ। मिठास के मेले का उद्घाटन सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था।
आनंदम गुड़ की कीमत छह हजार रुपए किलो :- गुड़ महोत्सव 2021 में अयोध्या से आए अविनाश दुबे के पास गुड़ की 51 वैरायटी हैं। अविनाश दुबे बताते हैं कि इसमें आनंदम गुड़ सबसे खास है। आनंदम गुड़ को 21 प्रकार की जड़ी-बूटियों से बनाया गया है। इसमें स्वर्ण भस्म, बंग भस्म, लोहे की भस्म, केसर, शिलाजीत, अश्वगंधा, देसी घी, काजू, बादाम जैसी चीजों का उपयोग किया गया है। इसके सेवन से तनाव कम हो जाता है। जोड़ों के दर्द में राहत मिलती है। और शरीर को एक नई ऊर्जा मिलेगी। इसकी कीमत छह हजार रुपए किलो है। अविनाश के पास 50 रुपए से गुड़ की शुरुआत है। इसके अलावा कुशाग्र्रम, महाबली, मंत्रम, इमली, गुलाब, इलाइची, सौंफ, तिल जैसी वैरायटी मौजूद हैं।
80 औषधियों से तैयार 'स्वर्ण भस्म':- सहारनपुर से आए संजय सैनी के पास 40 तरह के गुड़ का खजाना है। इसमें स्वर्ण भस्म, अश्वगंधा, आंवला, अलसी, तिल, नारियल, शतावर, मेथी नाम से प्रसिद्ध हैं। इनमें सबसे खास स्वर्ण भस्म गुड़ है। इसमें स्वर्ण भस्म के अतिरिक्त 80 प्रकार की औषधियों का उपयोग किया जाता है। जिसमें अश्वगंधा, सफेद मूसली, स्वर्ण भस्म, जावित्री, सोंठ, दालचीनी, कालीमिर्च का मिश्रण होता है। यह कई रोगों से निजात दिलाता है। शरीर को ताकत और दिमाग तेज करता है। यह पेट की समस्याओं को दूर करता है। इसकी कीमत पांच हजार रुपए किलो है।
Published on:
07 Mar 2021 04:36 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
