इस तरह बर्बादी :- मैंगो ग्रोवर एसोसिएशन के अध्यक्ष इंसराम अली कहते हैं कि, निर्यात से सब्सिडी भी 26 प्रतिशत से घटाकर 10 फीसदी करने से बागबानों को ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ी है। माल, मलिहाबाद, काकोरी और इटौंजा को मिलाकर 27 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में आम होता है। मलिहाबाद-माल की 90 फीसदी आबादी का मुख्य व्यवसाय आम ही है। हर साल गर्मियों में रोजाना 7-8 गाड़ी मुंबई के लिए लोड होती थी, लेकिन आम की घटती गुणवत्ता से लोडिंग बंद है। मजबूरी में स्थानीय मंडियों में औने-पौने दाम में आम खपाया जा रहा है। इस साल मौसम की बदमिजाजी से 30 फीसदी बौर समय से पहले आए और इसमें से 25 फीसदी खराब हो गए। थ्रिस कीट की वजह से फल बदरंग होने लगा। जब फसल तैयार हुई तब कैटर पिलर ने हमला कर दिया। डंठल से आम कट गिरने लगे और जुड़े आमों के बीच में बैठकर कैटर पिलर ने इसे सड़ा दिया। बेमौसम बारिश ने आम पर पहले काले धब्बे बनाए। फिर एंथ्रेक्नोज और डिप्लोडिया नामक बीमारी ने जकड़ लिया। इससे आम बीच से काला पड़ा और सड़ गया।