
यूपी में दो दिन तूफान यास बरपाएगा कहर, मौसम विभाग का तेज बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली का अलर्ट
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. Storm Yaas Update यूपी में मौसम लगातार करवटें बदल रहा है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान यास की वजह से बुधवार देर शाम से ही लखनऊ सहित पूर्वांचल के कई जिलों वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर, आजमगढ़, कुशीनगर, महराजगंज समेत कई जिलों में तेज हवाएं चल रही हैं। रात से रुक-रुक कर बारिश भी हो रही है। और गुरुवार सुबह भी ये ठंडी हवाएं जारी हैं। कहीं कहीं बूंदाबांदी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वांचल के कई जिलों में शुक्रवार और शनिवार को तेज आंधी, भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। 27 जिलों की जनता को दो दिनों तक सतर्क रहने को कहा गया है। साथ ही कुछ जिलों में हेल्पलाइन नम्बर भी जारी किया गया है। यास चक्रवात के असर को देखते हुए वाराणसी से कोलकाता और भुवनेश्वर की उड़ानें निरस्त कर दी गई है और एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
जोरदार बारिश का इंतजार जारी :- तूफान यास का असर गुरुवार सुबह से ही लखनऊ, बनारस सहित सभी 27 जिलों में दिखाई देने लगा था। लखनऊ में रात से शुरू हुई ठंडी हवाएं गुरुवार देर शाम तक बरकरार रही। कई बार बादलों ने बरसने का मूड बनाया पर कुछ सोचकर रुक गए। कुशीनगर, मिर्ज़ापुर, महराजगंज, वाराणसी सहित कई जिलों में हल्की बूंदाबादी के साथ ही आसमान में काले बादल छाए रहे। गर्मी से राहत तो मिली है पर लोग सहमे हुए थे। मौसम विभाग की चेतावनी के कारण लोग घर में रहे। आसमान में बादल छाने से दिन में अंधेरा छा गया था। पर शाम तक जोरदार बारिश और तेज हवाओं का इंतजार बना ही रहा। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद जिला प्रशासन ने आम लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। कई जिलाधिकारी ने आपात परिस्थितियों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए रेड अलर्ट :- आईएमडी वैज्ञानिक राजेंद्र कुमार जेनामनी ने बताया कि, यास तूफान से गुरुवार रात और शुक्रवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश होगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए रेड अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है। तूफान का प्रभाव अभी 36 घंटे रहेगा। कुछ स्थानों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी भी चल सकती है।
रीलिफ केयर सेंटर बनाने का निर्णय :- वाराणसी जिला प्रशासन ने चक्रवात से भारी वर्षा व मकानों के गिरने की संभावित स्थिति में प्राथमिक विद्यालयों, सामुदायिक व पंचायत भवनों को रीलिफ केयर सेंटर बनाने का निर्णय लिया है। डीएम के निर्देश पर सभी ब्लॉक के बीडीओ ने एडीओ पंचायत व अन्य ब्लॉककर्मियों के साथ गांवों में निगरानी की कार्ययोजना तैयार की। एडीओ कृषि को निर्देशित किया गया कि अपने तकनीकी सहायकों के जरिए गांवों में तूफान से होने वाले नुकसान और फसल सुरक्षा के बारे में जागरूक करें। प्रशासन ने नदी किनारे के नाविकों, मछुवारों को कहा कि 28 मई तक नदी के अंदर नाव लेकर न जाएं, नावों को सुरक्षित स्थानों पर बांध दें।
दो दिन रहेगा असर :- तूफान यास पर वाराणसी के मौसम वैज्ञानिक प्रो.एसएन पांडेय ने बताया कि, तूफान यास का गंभीर असर बिहार में गुरुवार से शुरू हो गया है। और इसका असर पूर्वी यूपी तक रहेगा। लखनऊ, वाराणसी सहित आसपास के 27 जिलों में भी तेज हवा और बारिश होने की संभावना है। यह 28 मई व 29 मई तक जारी रहेगा।
नौ फ्लाइट कैंसिल, हवाई अड्डे पर हाई अलर्ट :- चक्रवात ‘यास’ की वजह से बाबतपुर एयरपोर्ट से कोलकाता व भुवनेश्वर के अलावा दिल्ली, मुंबई आदि शहरों की नौ फ्लाइट बुधवार को कैंसिल रहीं। कोलकाता व भुवनेश्वर एयरपोर्ट तूफान के चलते बंद चल रहे हैं। बाबतपुर हवाई अड्डे पर भी तूफान को देखते हुए हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक अगले आदेश तक गो एयरवेज के कोलकाता जाने वाले विमान जी-8156 को निरस्त किया गया है। विमान निरस्त की सूचना यात्रियों को मैसेज के माध्यम से दी गयी है। वाराणसी से मुम्बई, दिल्ली, गुवाहाटी, अहमदाबाद, बेंगलुरु, लखनऊ के नौ विमान निरस्त रहे।
Updated on:
27 May 2021, 7:02 PM IST
Published on:
27 May 2021, 7:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.