
गन्ना किसानों के भारी बकाए का जल्द भुगतान करे सरकार : मायावती
जनता के मुद्दे को लेकर बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती लगातार यूपी और केंद्र सरकार पर निशाना साध रही है। साथ ही कई बार सरकार को सलाह देने के साथ मुद्दे के समर्थन में हल बताते हुए उसे जल्द पूरा करने की मांग कर रही हैं। मायावती का सोशल मीडिया का प्रेम अब लगातार बढ़ता जा रहा है। लोकसभा चुनाव भी अब दूर नहीं हैं। आज बसपा सुप्रीमो मायावती ने गन्ना किसानों के भारी बकाया के भगुतान और लंपी बीमारी से जानवरों की मौत मामले पर यूपी सहित केंद्र सरकार को आईना दिखाया। मायावती ने मांग की कि, गन्ना किसानों के बकाए का तुरंत भुगतान किया जाए।
गन्ना किसानों का भुगतान करे सरकार
गुरुवार को बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने ट्वीट पर लिखा कि, उत्तर प्रदेश सरकार ने भी विधान सभा में स्वीकार किया है कि प्रदेश के गन्ना किसानों का भारी बकाया है। जिसके सम्बंध में सरकार को अपनी जिम्मेदारी को पूरी तरह से निभाते हुए इन बकायों की यथाशीघ्र पूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए कड़ा कदम जरूर उठाना चाहिए।
खेती व किसानों पर कम ध्यान दे रही है यूपी सरकार
मायावती ने अपने ट्वीट पर आगे लिखा कि, कृषि प्रधान होने के बावजूद खेती व किसान हित के प्रति सरकारों द्वारा काफी कम ध्यान देना हमेशा से ही बड़ी चिन्ता का कारण रहा है। किन्तु अब उनके उपज की वाजिब कीमत नहीं मिलना। गन्ना किसानों का भारी बकाया व पशुधन की हानि आदि ग्रामीण भारत को त्रस्त कर रहे हैं। सरकार तुरन्त ध्यान दे।
लम्पी पर आर्थिक मदद करें सरकारें
मायावती ने कहाकि, गुजरात, राजस्थान, एमपी से लेकर यूपी तक में लम्पी बीमारी के कारण असंख्य घरेलू जानवरों की मौत ने गरीब ग्रामीण भारत को नए संकट में डाल रखा है। पशुधन आत्मनिर्भर ग्रामीण जीवन की रीढ़ है इसलिए यूपी व अन्य राज्य सरकारें प्रभावित लोगों की समुचित आर्थिक मदद जरूर करें।
Published on:
22 Sep 2022, 12:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.