पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कर्मचारी संगठन काफी सक्रिय हैं। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के नेता जल्द योगी सरकार से पुरानी पेंशन बहाली की गुहार लगाएंगे। परिषद के अध्यक्ष जयंत वारी ने बताया कि शुक्रवार को परिषद की ओर से योगी आदित्यनाथ को जीत के लिए बधाई पत्र भेजा गया है। पत्र में कहा गया है कि कुछ संगठनों ने चुनाव के दौरान कर्मचारियों को बहकाने का काम किया था। पुरानी पेंशन के लालच में पार्टी विशेष के पक्ष में मतदान करने के लिए उकसाया गया, लेकिन इसमें कर्मचारियों का कोई दोष नहीं है। कर्मचारियों ने अपने विवेक का इस्तेमाल किया और मौजूदा सरकार की नीतियों का ही समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन का मुद्दा डबल इंजन सरकार ही हल कर सकती है। क्योंकि, इसमें प्रदेश सरकार का सीधा कोई दखल नहीं है। उनके अनुसार परिषद की ओर से पुरानी पेंशन के लिए योगी आदित्यनाथ से वार्ता कर गुहार लगाई जाएगी। सरकार से वार्ता कर इसका हल निकालने में अपनी भूमिका का निर्वहन प्रदेश सरकार करें।