
Atiq ahmed : माफिया अतीक और अशरफ की हत्या के बाद सोशल मीडिया वार शुरू हो गया है। बरेली की इज्जतनगर पुलिस ने ऐसे ही मामले में एक कारपेंटर को पकड़ा है, जो अतीक और अशरफ को शेर बता रहा था। अब्दुल्लापुर माफी निवासी फारूख कम पढ़ा लिखा है। धार्मिक कट्टरता की सोच वाले लोगों के संपर्क में आकर वह सोशल मीडिया पर खासा सक्रिय हो गया है। प्रयागराज कांड के बाद उसने अपनी फेसबुक वॉल पर भड़काऊ पोस्ट डाले।
अतीक और अशरफ को शेर बताकर शासन व व्यवस्था पर तीखे कटाक्ष किए। इसका स्क्रीन शॉट लेकर हिंदूवादी संगठन से जुड़े हिमांशु पटेल ने ट्वीट कर दिया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने ट्वीट के आधार पर इज्जतनगर इंस्पेक्टर अरुण कुमार श्रीवास्तव को कार्रवाई का निर्देश दिया। पुलिस ने जानकारी जुटाकर सोमवार शाम फारूख को गिरफ्तार कर लिया। दरोगा ब्रजपाल सिंह की ओर से उसके खिलाफ आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
अफवाह फैलाने वाले जाएंगे जेल
सोशल मीडिया पर भड़काऊ मेसेज करने वालों को चिह्नित कर पुलिस कार्रवाई करेगी। पुलिस ने साफ किया है कि व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब के माध्यम से अगर किसी ने भड़काऊ और गलत मेसेज प्रसारित किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की टीम लगातार सोशल साइट्स की निगरानी कर रही है। इस चेतावनी के बाद कई व्हाट्सएप और फेसबुक ग्रुप के एडमिन ने अपने समूहों में मेसेज डालकर सदस्यों को इस प्रकरण से संबंधित पोस्ट नहीं डालने की हिदायत दी है।
Updated on:
18 Apr 2023, 12:20 PM IST
Published on:
18 Apr 2023, 12:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.