अयोध्या. राज मंदिर निर्माण को लेकर जहां पूरे देश में सियासत गरमाने लगी है तो वहीं एक बार फिर परमहंस के सुर बगावती हो गए हैं और अब राम मंदिर निर्माण के लिए आत्मदाह की धमकी दी है। राम मंदिर निर्माण को लेकर संत परमहंस दास ने पीएम मोदी और सीएम योगी को बड़ी चेतावनी दी है। राम लला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे लेकिन तारीख नहीं बताएंगे। अयोध्या के संत परमहंस दास ने कहा कि अब भाजपा को तारीख बतानी ही होगी। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए आमरण अनशन करने वाले तपस्वी छावनी के संत परमहंस दास एक बार फिर शासन प्रशासन के लिए मुसीबत बनने जा रहे हैं। परमहंस दास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चेतावनी दी है कि अगर 5 दिसंबर तक अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की तिथि की घोषणा नहीं होती है तो वह 6 दिसंबर बाबरी विध्वंस की बरसी के दिन अपने तपस्वी छावनी मंदिर के सामने आत्मदाह कर लेंगे। उन्होंने साफ शब्दों में कहा राम लला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे तारीख नहीं बताएंगे अब भाजपा को मंदिर निर्माण की तारीख बतानी ही होगी।