लखनऊ. President Ramnath Kovind family shopping in Hazratganj market Lucknow. राजधानी लखनऊ की चिकनकारी विश्व चर्चित है। लखनवी चिकनकारी की विरासत के प्रति लगाव का मोह देश के प्रथम नागरिक परिवार को भी भा गया। सोमवार दोपहर अचानक राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (President Ramnath Kovind) की बेटी स्वाति कोविंद हजरंतगंज स्थित छंगामल के चिकन शोरूम पर पहुंचीं और यहां की कारीगरी पर फिदा होकर जमकर खरीदारी की। उन्होंने करीब 25 आइटम खरीदे। इनमें राष्ट्रपति के लिए कुर्ता-पायजामा का सेट, मां के लिए साड़ियां और अपने लिए लॉन्ग और शॉर्ट कुर्तियों की रेंज पसंद की। महामहिम की पुत्री स्वाती कोविंद करीब तीन घंटे वह प्रतिष्ठान पर रहीं। उन्होंने चिकन के वस्त्रों की लंबी रेंज पसंद की। शोरूम के मालिक प्रभात गर्ग ने कहा कि परिवार सभी के साथ सादगी से मिला। उन्हें लखनऊ की चिकनकारी बेहद पसंद आई। राष्ट्रपति की बेटी ने कारोबार की जानकारी ली। चिकन के उद्भव से लेकर उसकी विकास यात्रा, कसीदाकारी के प्रकार और तरीकों के बारे में भी बारीकी से जाना और समझा।