सन् 2000 में जब राजनाथ सिंह यूपी के मुख्यमंत्री बने, तो सरकार को सहयोग देने वाले कुछ राजनीतिक दल अपनी मौजूदगी को महत्व देते व अपना ही हित आगे रखते। इनमें से एक थे लोकतांत्रिक कांग्रेस के नेता नरेश अग्रवाल (Naresh Agarwal) जो समय-समय पर सरकार से गठबंधन खींचकर सरकार गिराने की धमकी देते थे। कल्याण सिंह से लेकर रामप्रकाश गुप्त उनके इस रवैये से बहुत नाराज थे। जैसा कि हाल में ओमप्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) का रवैया था। नरेश अग्रवाल का परिणाम भी कुछ राजभर की तरह ही था। उस दौरान ऊर्जा विभाग में मनमानी की ख़बरें खूब चर्चा में रहती थीं। और नरेश अग्रवाल इसको लेकर सरकार पर खूब निशाना साधते थे, लेकिन गठबंधन के कारण उन पर कार्यवाई करना मुश्किल था। आला कमान ने कई बार नरेश अग्रवाल के साथ मीटिंग की, उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। नरेश यहां तक मुख्यमंत्री को भी दोषी ठहराना लगे थे। फिर वह दिन आया जब सब्र का बांध टूट चुका था और राजनाथ सिंह ने बड़ा फैसला लिया। हरिद्वार में नरेश अग्रवाल ने पार्टी सम्मेलन में भाजपा के खिलाफ खुलकर सड़कों पर आने की चेतावनी दे डाली। बस यही पर राजनाथ सिंह ने तत्काल नरेश अग्रवाल को मंत्रिपरिषद् से बर्खास्त कर दिया । जिसकी जानकारी उन्होंने खुद नरेश अग्रवाल को फोन कर दी। इस कठोर निर्णय के बाद राजनाथ प्रदेश की जनता के हीरो बन गए।