
सपा सांसद सनातन पांडे (X Photo)
Ram Mandir Donation Theft: राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर समाजवादी पार्टी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला। मुरादाबाद पहुंचे सपा सांसद सनातन पांडे ने सीएम योगी पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को राम मंदिर चोरी मामले की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। वहीं, आंवला सांसद नीरज मौर्य ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई, चढ़ावे का नियमित हिसाब जनता के सामने रखने और धनराशि को जनकल्याण के कार्यों में लगाने की मांग की।
मुरादाबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद सनातन पांडे ने CM योगी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे हेलीकॉप्टर कितनी बार गया और कितनी बार लौटा। चोरी उनकी नाक के नीचे हो रही थी। मुख्यमंत्री को इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी। वहीं सांसद नीरज मौर्य ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे चोरी से पूरा देश आहत हुआ है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे हर सप्ताह जनता के सामने चढ़ावे का हिसाब रखा जाए और इस धनराशि का उपयोग जनकल्याण के कार्यों में किया जाए।
जांच अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में गिरफ्तार आठ आरोपियों में से छह आरोपी दान किए गए रुपये अपने कपड़ों, जेबों और जूतों में छिपाते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस ने 25 जून को ट्रस्ट की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर आठ लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें अविनाश शुक्ला, लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडेय, रमाशंकर मिश्रा, राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव और सुभाष श्रीवास्तव शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि टिन्नू यादव पहले चंपत राय का चालक रह चुका है और मंदिर के दानपात्रों की निगरानी करता था, जबकि मनीष यादव चढ़ावे की गिनती में शामिल था। पुलिस पहले ही टिन्नू के घर से एक लाख रुपये और मनीष के घर से दो लाख रुपये बरामद कर चुकी है। रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अतिरिक्त नकदी, आभूषण और इस धन से खरीदी गई संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
जांच के दौरान पूर्व बैंक कर्मचारियों सुभाष श्रीवास्तव और रमाशंकर मिश्रा से पूछताछ के आधार पर पुलिस नकदी, आभूषण और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी अदालत में पेश कर चुकी है। जून के पहले सप्ताह में सामने आए इस कथित चंदा चोरी मामले में अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि ट्रस्ट के दो वरिष्ठ पदाधिकारियों ने इस्तीफा भी दे दिया है।
Updated on:
18 Jul 2026 07:14 pm
Published on:
18 Jul 2026 07:14 pm
