मथुरा. यूपी में इन दिनों धार्मिक महोत्सवों की धूम है। अयोध्या में राम नाम की चर्चा है तो काशी अब भी शिवमय है। गोकुल रंगोत्सव में डूबा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या, काशी और मथुरा को नयी आध्यात्मिक पहचान दी है। दशहरा, शिवरात्रि और होली को एक तरह से सरकारी आयोजन बनाकर लोगों के उत्साह को दूना कर दिया है। यूं तो बंसत पंचमी के पहले से मथुरा-वृंदावन में रंग की धूम है, लेकिन जैसे-जैसे होली नजदीक आ रही है, यहां टेसुओं का रंग और सुर्ख होता जा रहा है। इस बार बरसाना में लठामार होली खेलने खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ रहे हैं। राज्य सरकार की तरफ से कई अन्य प्रदेश के मुख्यमंत्रियों को भी रंगोत्सव का न्योता भेजा गया है। योगी के साथ उनके कैबिनेट मंत्री भी होली खेलते नजर आएंगे।