
लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी के विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। रविवार को लखनऊ में कुलदीप सिंह पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाकर सीएम आवास के सामने परिवार के साथ आत्मदाह करने की कोशिश करने वाली किशोरी के पिता की आज सोमवार को जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोरी के पिता उन्नाव जिला जेल में बंद थे।
किशोरी के पिता सुरेंद्र सिंह उर्फ पप्पू जिला कारागार में मारपीट की घटना में निरुद्ध था। बीती रात जिला कारागार में पप्पू की तबीयत बिगड़ी और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में लाया गया। जहां उपचार के दौरान पप्पू की मौत हो गई। पप्पू की मौत जंगल में आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई। जिला अस्पताल में शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद है। जिसमें जिलाधिकारी रवि कुमार एनजी, पुलिस अधीक्षक पुष्पांजलि देवी, अपर पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद है।
बता दें कि महिला ने उन्नाव जिले की बांगरमऊ विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर और उनके भाई पर दुष्कर्म का आरोप लगाया और अब उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। महिला का कहना है कि विधायक के खिलाफ शिकायत करने के बाद भी पुलिस उनके कार्रवाई नहीं कर रही है।
वहीं पीड़ित महिला रविवार को सीएम योगी के आवास के बाहर परिवार संग पहुंची। गेट के पास मौजूद पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते कि इतने में सभी आत्मदाह का प्रयास करने लगे। पुलिस ने किसी तरह सभी को काबू में किया।
इस मामले के विरोध में किशोरी और उसका परिवार रविवार को मुख्यमंत्री आवास पर आत्मदाह करने के लिए पहुंचा। परिवार के लोगों का आरोप था कि पुलिस ने विधायक के दबाव में उसका इलाज भी सही से नहीं होने दिया। इतना ही नहीं। मेडिकल जांच में भी दबाव बनाया गया।
जांच के दिए आदेश
वहीं कुलदीप सिंह सेंगर पर रेप के आरोप मामले में एडीजी जोन लखनऊ राजीव कृष्णा ने कहा कि मामला कोर्ट सहित सभी जगह पीड़ित परिवार ने शिकायत की है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। दोनों मामलों में जांच अब उन्नाव से लखनऊ के लिए ट्रांसफर के निर्देश दे दिए गए हैं। इस मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारी करेंगे।
जानकारी हो कि भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए थे। वहीं 2012 में सपा से बांगरमऊ विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे।
Updated on:
09 Apr 2018 12:17 pm
Published on:
09 Apr 2018 11:42 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
