
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में कई जिलों में अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन ने अभियान चलाया जा रहा है। हाल ही में यूपी में जहीरीली शराब से हुई लोगों की मौत के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है। 21 नवंबर से शुरू हुए अभियान के दौरान प्रशासन ने छापेमारी में 14,500 लीटर से ज्यादा अवैध शराब जब्त की है। इसके अलावा 7,316 दुकानों का निरीक्षण कर 8 हजार से ज्यादा सैंपल लिए गए। इसके अलावा प्रशासन ने 1 लाख 37 हजार लीटर से ज्यादा लहन नष्ट कर दी है। पुलिस ने 700 से ज्यादा केस दर्ज किए तो वहीं, 252 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया।
दो दिसंबर तक चलेगा अभियान
यूपी के गोंडा, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, कानपुर, जालौन, बाराबांकी, उन्नाव समेत कई जिलों में अवैध शराब के खिलाफ 21 नवंबर से अभियान शुरू हुआ और दो दिसंबर तक चलेगा। इन जिलों के विभिन्न हिस्सों में अवैध शराब के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। अपर मुख्य सचिव आबकारी विभाग ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अवैध शराब बनाने, उसकी बिक्री व तस्करी के खिलाफ विशेष सतर्कता अभियान चलाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जहरीली शराब से प्रयागराज में हुई थी 6 की मौत
बतादें कि राजधानी लखनऊ के बंथरा में जहरीली शराब से हुई मौतों पर योगी सरकार ने बड़ी कार्रवाई की थी। जिसमें पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय को लापरवाही पाए जाने पर निलम्बित कर दिया था। प्रयागराज में पिछले हफ्ते जहरीली शराब पीने से 6 लोगों जान चली गई थी। जानकारी के मुताबिक, सरकारी ठेके से ये शराब बेची जा रही थी। आबकारी विभाग की शिकायत पर फूलपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। अबतक इस मामले में सात लोगों की गिरफ्तारी की गई है। इनमें ठेका संचालक, उसके परिजन व कर्मचारी शामिल हैं।
Published on:
23 Nov 2020, 2:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.