
होली पर इस बार चार गुना ज्यादा होगी शराब की बिक्री, आबकारी अधिकारी ने कही ये बात
लखनऊ. इस बार होली (Holi 2021) पर चार गुना अधिक शराब की बिक्री होने की आशंका जताई गई है। यही कारण है कि होली आने में अभी समय है लेकिन आबकारी विभाग की ओर से प्रदेशभर की डिस्टिलरी में शराब की मांग भेजी जा रही है, जिससे कि वित्तीय वर्ष के अंत में किसी प्रकार की कमी न हो। इसके लिए मुख्यालय की ओर से सभी जिलों को पत्र भेजा गया है। रिटेलर्स से लेकर होलसेलर्स तक से पूरा ब्योरा मांगा जा रहा है। एक दिन की सेल का चार गुना माल स्टॉक करने का लक्ष्य है।
अफसरों के अनुसार, चार गुना तक सेल बढ़ने की उम्मीद है। आपूर्ति बाधित न हो इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। पूरे प्रदेश में एक दिन में शराब की सेल 100 से 150 करोड़ रुपये की होती है। होली पर शराब की बिक्री दोगुनी हो जाती है। इस बार दुकानों से माल निकालने का भी जोर है, ऐसे में इस बार बिक्री भी ज्यादा होगी।
इन जिलों में रहेगा अधिक दबाव
लखनऊ, आगरा, प्रयागराज, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, कानपुर जैसे जिलों में सर्वाधिक कमाई की उम्मीद है। जिला आबकारी अधिकारी जितेन्द्र कुमार सिंह ने कहा, इतना तय है कि होली और वित्तीय वर्ष का अंत होने के कारण सेल का बढ़ना तय है। आपूर्ति बाधित न हो इसके लिए मांग पत्र लेकर डिस्टेलरी में दिया जा रहा है जिससे उसी अनुपात में शराब को गोदामों के जरिए दुकानों तक भेजा जा सके।
ये भी पढ़ें: जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में हुआ जमकर संघर्ष
Updated on:
9 Mar 2021, 12:01 PM IST
Published on:
9 Mar 2021, 12:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.