
Sharda Sinha Passes Away: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक गायिका, पद्म भूषण शारदा सिन्हा के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री योगी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर पोस्ट कर उनके निधन को संगीत जगत की अपूरणीय क्षति बताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा, "प्रख्यात लोक गायिका, पद्म भूषण डॉ. शारदा सिन्हा जी का निधन अत्यंत दुःखद व संपूर्ण संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! उन्होंने अपने उत्कृष्ट पारंपरिक गायन के माध्यम से मैथिली, भोजपुरी सहित अनेक लोक भाषाओं और लोक संस्कृति की सेवा की तथा राष्ट्रीय पटल पर उन्हें सम्मान दिलाया। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा उनके शोकाकुल परिजनों एवं प्रशंसकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।ॐ शांति!"
प्रधानमंत्री पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, "सुप्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उनके गाए मैथिली और भोजपुरी के लोकगीत पिछले कई दशकों से बेहद लोकप्रिय रहे हैं। आस्था के महापर्व छठ से जुड़े उनके सुमधुर गीतों की गूंज भी सदैव बनी रहेगी। उनका जाना संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति!"
लोक गायिका शारदा सिन्हा का 72 साल की आयु में निधन हो गया। लंबे समय से बीमार चल रहीं शारदा सिन्हा ने मंगलवार रात करीब 9.20 बजे दिल्ली एम्स में अंतिम सांस ली। लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान शारदा सिन्हा के निधन से उनके प्रशंसकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई हस्तियों ने लोक गायिका के निधन पर शोक जताया है। शारदा सिन्हा को मैथिली और भोजपुरी संगीत में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए जाना जाता है।
Updated on:
06 Nov 2024 08:10 am
Published on:
06 Nov 2024 08:10 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
