
ओम प्रकाश राजभर और रामजी लाल सुमन (फोटो- पत्रिका)
Ramji Lal Suman: उत्तर प्रदेश की सियासत में तीखी बयानबाजी का दौर जारी है। समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन ने उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर के बयान पर पलटवार किया है। राजभर की हालिया टिप्पणियों पर रामजी लाल सुमन ने प्रतिक्रिया देते हुए सपा सांसद ने उन्हें मानसिक रूप से बीमार बता दिया। इतना ही नहीं रामजी लाल सुमन ने OP राजभर को इलाज के लिए पागलखाने भेजने तक की बात कह दी।
वरिष्ठ सपा नेता रामजी लाल सुमन से ओम प्रकाश राजभर की बयानबाजी को लेकर सवाल पूछा गया तो वह भड़क गए। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि आप मुझसे एक ऐसे व्यक्ति के बारे में सवाल पूछ रहे हैं जिसके बयानों में ना तो कोई निरंतरता है और ना ही उनकी कोई विश्वसनीयता बची है। सपा नेता ने कहा कि ओम प्रकाश राजभर सुबह क्या बोलते हैं और शाम होते होते क्या कहेंगे? यह बात तो कोई भी नहीं जानता है। उनकी बातों का कोई भरोसा नहीं किया जा सकता।
सपा सांसद ने राजभर के पुराने राजनीतिक रुख की याद दिलाते हुए उन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह पूरा देश अच्छी तरह से जानता है कि अतीत में राजभर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बारे में क्या क्या बातें कही हैं। रामजी लाल सुमन का इशारा उस दौर की तरफ था, जब राजभर सत्ता से बाहर थे और समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ते हुए बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व पर तीखे जुबानी हमले किया करते थे।
रामजी लाल सुमन ने अपने हमले को और आक्रामक करते हुए राजभर को मानसिक रूप से विक्षिप्त करार दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज के समय में कुछ लोग मानसिक रूप से बीमार हो गए हैं। मेरा यह स्पष्ट मानना है कि ऐसे लोगों को उचित इलाज की सख्त जरूरत है और उन्हें तुरंत किसी मानसिक अस्पताल में भेज देना चाहिए। सपा सांसद के इस बयान के बाद यूपी की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा होने के आसार हैं।
Updated on:
20 Jun 2026 05:05 pm
Published on:
20 Jun 2026 05:01 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
