26 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उन्नाव गैंगरेप केस- सीबीआई के मुख्य गवाह की पत्नी ने पीडि़ता के चाचा पर लगाया गंभीर आरोप

एसपी से शिकायत कर सुरक्षा की गुहार लगाई।  
2 min read
Google source verification
unnao

उन्नाव गैंगरेप केस- सीबीआई के मुख्य गवाह की पत्नी ने पीडि़ता के चाचा पर लगाया गंभीर आरोप

Lucknow. उन्नाव गैंगरेप मामले में पीडि़ता के पिता की हत्या के मामले में सीबीआई के मुख्य गवाह की संदिग्ध मौत हो गई। वहीं पुलिस और सीबीआई को बिना सूचना दिए ही परिजनों ने शव को दफना दिया। वहीं मृतक गवाह यूनुस की पत्नी शबीना खातून ने गैंगरेप पीडि़ता के चाचा पर आरोप लगाते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। बतादें कि उन्नाव बलात्कार कांड केस में पीडि़त लड़की के पिता की 9 अप्रैल को माखी पुलिस स्टेशन में पिटाई के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में यूनुस चश्मदीद गवाह था। नाबालिग लड़की से रेप और उसके पिता की हत्या की साजिश के मामले में आरोपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर जून से सीतापुर जेल में बंद हैं।

पीडि़ता के चाचा का कहना है कि चश्मदीद गवाह की मौत किसी साजिश का हिस्सा हो सकती है। उन्होंने इस मामले की जांच कराने की बात उठाई है साथ ही पोस्टमार्टम करा जांच कराने की मांग की है। उन्नाव बलात्कार कांड की पीडि़ता के पिता की हत्या के मामले में माखी गांव निवासी यूनुस नाम के परचून की दुकान चलाने वाले दुकानदार को सीबीआई ने प्रत्यक्षदर्शी के रुप में मुख्य गवाह बनाया था। पीडि़ता के चाचा ने बताया कि बीते शनिवार को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।

धमकी दी है और गंदी गंदी गालियां दीं
वहीं मृतक गवाह यूनुस की पत्नी शबीना खातून ने गैंगरेप पीडि़ता के चाचा पर आरोप लगाते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। उसने बताया कि विगत 22 अगस्त को दुष्कर्म पीडि़ता के चाचा दो अज्ञात व अपने गनर के साथ घर में घुसे और रुपए का प्रलोभन देते हुए एक कागज पर दस्तखत करने को कहा। उस कागज में कुछ शब्द लिखे हुए थे। इनकार करने पर पीडि़ता के चाचा ने परिजनों को सीबीआई से गिरफ्तार कराने की धमकी दी है और गंदी गंदी गालियां दीं। कहा कि पुलिस के सामने ऐसा नहीं कहोगी तो तुमको सीबीआई से कहकर जेल में सड़वा दूंगा।

जिम्मेदारी दुष्कर्म पीडि़ता के चाचा की होगी
पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में मृतक की पत्नी ने अपनी और परिजनों की सुरक्षा की गुहार लगाई है। कहा कि यदि प्रार्थिनी व उसके परिजनों के साथ कोई अप्रिय घटना घटती है, तो इसकी सारी जिम्मेदारी दुष्कर्म पीडि़ता के चाचा की होगी।
शबीना खातून ने बताया कि उनके पति युनूस काफी लम्बे समय से बीमार चल रहे थे, जिनका लीवर खराब हो गया था। उन लागों ने अपनी हैसियत के अनुसार उनका उपचार करवाया। लीवर में काफी सूजन आ गया था। हैलट में डाक्टरों ने जवाब दे दिया। डॉ. निगम ने बताया कि अब युनूस की बचने की उम्मीद नहीं है। अब इसे दवा नहीं दुआ की जरूरत है। युनूस को लेकर वह गांव चले आये, जहां उसकी विगत 18 अगस्त को सुबह मौत हो गयी।
उधर इस पूरे मामले में सफीपुर के सीओ विवेक रन्जन राय का कहना है कि यूनुस कई वर्षों से लीवर की बीमारी से पीडि़त था, जिसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। इस प्रकरण में यूनुस की मौत के सम्बन्ध में लगाये गये आरोपों की जांच गहनता से की जा रही है। फिलहाल पुलिस डॉक्टरों के कागजात के आधार पर प्रथम दृष्टया बीमारी से हुई मौत की पुष्टि की है।