
देश के सबसे लंबे आदमी की योगी से गुहार, 'हिप' बदलवा दें
लखनऊ. भारत के सबसे लंबे शख्स धर्मेंद्र ने हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार से मदद मांगी है। धर्मेंद्र कूल्हे के दर्द से पीड़ित हैं। इसके लिए डॉक्टरों ने उन्हें हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी कराने की सलाह दी है। उनके इलाज पर करीब 8 लाख रुपए का खर्च आएगा। शनिवार को धर्मेंद्र मुख्यमंत्री से मिलने लखनऊ आये थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। धर्मेंद्र ने बताया कि सीएम योगी से मिलने आये थे, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो पायी, जिसके बाद उन्होंने मदद के लिए सीएम को पत्र लिखा है।
करीब 8 फीट लंबे धर्मेंद्र की उनके कद ने भले ही अलग पहचान बनाई है, लेकिन उनकी असल जिंदगी इतनी आसान नहीं है। हिप की समस्या से जूझ रहे धर्मेंद्र के इलाज पर करीब आठ लाख रुपए का खर्च आएगा, जो उनके पास नहीं हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे धर्मेंद्र की सीएम योगी से मुलाकात तो नहीं हो सकी, लेकिन सीएम आवास पर तैनात अधिकारियों ने उन्हें इलाज के अनुमानित खर्च का विवरण और अन्य दस्तावेजों के साथ दोबारा यहां आने को कहा।
सबसे लंबे कद वाले भारतीय हैं धर्मेंद्र
मूल रूप से प्रतापगढ़ के निवासी धर्मेंद्र के नाम सबसे अधिक कद वाले भारतीय होने का रिकॉर्ड दर्ज है। उनकी लंबाई 8 फीट एक इंच है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धर्मेंद्र दुनिया के सबसे लंबे शख्स से महज दो इंच छोटे हैं। धर्मेंद्र के अलावा हैदराबाद के पोलिपका गट्टियाह भी भारत के सबसे लंबे लोगों में शुमार थे, लेकिन 31 अक्टूबर 2015 को उनका निधन हो गया।
Updated on:
17 Aug 2019, 6:05 PM IST
Published on:
17 Aug 2019, 6:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.