
यूपी में असर 'ताउते' का असर, मौसम में परिवर्तन, संभावित तूफान के कारण कई ट्रेन कैंसिल
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. UP Weather. अरब सागर में सक्रिय ताउते तूफान (Taukte Cyclone) का असर उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल सकता है। चक्रवात ताउते और पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव के आसार हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में तेज हवाएं चलेंगी और बारिश होगी। स्थानीय मौसम विभाग निदेशक जेपी गुप्ता ने कहा है कि ताउते तूफान के चलते प्रदेश के कई जिलों में बदली की आशंका बन रही है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने के साथ-साथ तेज हवाएं चलेंगी। जम्मू कश्मीर पर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है जिसके चलते 18-19 मई को अलग-अलग स्थानों पर बादलों के साथ बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर 20 मई से मौसम को बूंदाबांदी पड़ेगी तो वहीं कुछ स्थानों पर सिर्फ तेज हवाएं ही चलेंगी। मौसम में परिवर्तन से तापमान में गिरावट दर्ज होगी।
पिछले सप्ताह भी मौसम में उतार-चढ़ाव की स्थिति देखने को मिली। आम दिनों में जहां मई महीने में 41 से 44 डिग्री सेल्सियस का तापमान देखने को मिलता है वहीं पिछले दिनों बूंदाबांदी, तेज हवा से तापमान कम होकर 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। रविवार को दिन में अन्य दिनों की अपेक्षा धूप तीखी होने के साथ ही गर्मी भी अधिक रही। पारा 40 डिग्री पार चला गया। सोमवार को भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा जबकि न्यूनतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा।
संभावित तूफान के चलते ट्रेन निरस्त
ताउते तूफान को लेकर यूपी रेलवे भी अलर्ट हो गया है। गुजरात में आने वाले संभावित चक्रवाती तूफान को देखते हुए वहां जाने वाली तीन ट्रेनों को फिलहाल एक फेरे के लिए निरस्त कर दिया है। इसमें वाराणसी जंक्शन से ओखा, भावनगर टर्मिनल से आसनसोल और आसनसोल से भावनगर को आने वाली ट्रेनें शामिल हैं।
Published on:
17 May 2021, 5:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.