सफदरजंग अस्पताल के मेडिसन विभाग के अध्यक्ष डॉ. जुगल किशोर के अनुसार, घर में रहने वाले कोरोना संक्रमित मरीज को पूरी तरह से आइसोलेट रहना चाहिए। उसके कपड़े, खाने का बर्तन, तौलिया, चादर सहित हर चीज घर के दूसरे लोगों के सामानों के साथ अलग रखी होनी चाहिए। संक्रमित मरीज को अपने कमरे की खिड़कियां खुली रखनी चाहिए ताकि हवा और धूप कमरे में आ सके। घर में मरीजों को दो से तीन बार बुखार चेक करना चाहिए। बुखार 100 डिग्री फारेनहाइट से ज्यादा नहीं होना चाहिए अन्यथा डॉक्टर से संपर्क करने की जरूरत हो सकती है। वहीं ऑक्सीमीटर की मदद से खून में ऑक्सीजन का लेवल भी चेक करते रहें। इसका लेवल 94 फीसदी से कम नहीं होना चाहिए।